भूमि विवाद में दो गुटों में पथराव, पांच जख्मी
जागरण संवाददाता जम्मू झज्जर कोटली थानांतर्गत डंसाल इलाके में भूमि विवाद में दो गुटों में पथ
जागरण संवाददाता, जम्मू : झज्जर कोटली थानांतर्गत डंसाल इलाके में भूमि विवाद में दो गुटों में पथराव हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने दोनों की शिकायत पर मामले को दर्ज कर लिया। झज्जर कोटली पुलिस के अनुसार इससे पूर्व भी दोनों गुटों में झड़प हो चुकी है, जिनके मामले थाने में दर्ज हैं।
मारपीट की यह घटना मंगलवार शाम की है। डंसाल के रहने वाले आपस में रिश्तेदार पुरुषोत्तम कुमार और कुलविद्र कुमार के बीच गांव में भूमि के एक टुकड़े को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। घटना के समय एक गुट के सदस्य विवादित भूमि में चले गए, तो दूसरे गुट ने इस पर एतराज जताया। विवाद बढ़ने पर दोनों गुटों के सदस्यों ने अपने साथियों को विवादित भूमि पर बुला लिया। बहस के बाद नौबत मारपीट की आ गई। इसी बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने एक दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया। पथराव में एक गुट के सदस्य पुरुषोत्तम कुमार, कौशिल्या देवी और प्रेमनाथ, जबकि दूसरे गुट के कुलविद्र कुमार और प्रदीप कुमार घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पुलिस ने एहतियात के तौर पर विवादित भूमि पर दोनों गुटों के सदस्यों को नहीं जाने को कहा है।