कश्मीरी युवाओं में उफान पर देशभक्ति का जज्बा, एसपीओ के ढाई हजार पदों के लिए 22 हजार युवाओं ने लिया हिस्सा
नगर में सेना की भर्ती हो या फिर पुलिस की हर जगह युवाओं की भीड़ उमड़ती है। SPO भर्ती में कश्मीर के 22 हजार युवाओं ने भाग लिया। इनमें बड़ी संख्या में युवतियां भी शामिल हैं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। कश्मीर में कुछ युवाओं को बेशक अलगाववादियों और आतंकवादियों ने गुमराह किया हुआ है, लेकिन अधिकांश युवा देश के लिए मर मिटने को तैयार रहते हैं। इनमें कश्मीरी युवतियां भी शामिल हैं। उनका कहना है कि बस एक बार मौका मिले तो वतन की हिफाजत में किसी से भी पीछे नहीं रहेंगी। वह भी विकास की धारा में हाथ बंटाने के लिए तैयार हैं।
इन दिनों इस तरह का जज्बा श्रीनगर के नौगाम के रेलवे मैदान पर चल रही रेलवे पुलिस में एसपीओ की भर्ती में देखने को मिल रहा है। इस भर्ती में कश्मीर के 22 हजार युवाओं ने भाग लिया। इनमें बड़ी संख्या में युवतियां भी शामिल हैं। कुल ढाई हजार पदों पर चयन होना है।श्रीनगर में सेना की भर्ती हो या फिर पुलिस की, हर जगह युवाओं की भीड़ उमड़ती है।
जम्मू और श्रीनगर दोनों ही जगहों पर भर्ती रैली आयोजित हुई। इनमें जम्मू में करीब 52 हजार युवाओं ने भाग लिया था। इसी तरह अब श्रीनगर में 22 हजार युवाओं ने भाग लिया। मकसद दोनों ही जगहों पर एक था कि पुलिस में भर्ती होने का मौका मिले और इसके बाद वे देश की सेवा करें। श्रीनगर में हुई भर्ती रैली में शारीरिक टेस्ट के दौरान युवतियों में सबसे अधिक जोश देखने को मिला। उनका कहना था कि उन्होंने अपनी ओर से पूरी कोशिश की है कि उनकी भर्ती हो। अब किस्मत पर है कि उनका भविष्य क्या होता है। लेकिन अगर उन्हें मौका मिलेगा तो वे पूरे जज्बे के साथ देश की सेवा करेंगे। श्री
नगर के नौगाम क्षेत्र से ही भर्ती में आए अरशद भट ने कहा कि इससे पहले उसने एक बार सेना की भर्ती रैली में भाग लिया था, लेकिन अंतिम सूची में नाम नहीं आया था। इस बार उसे पूरा विश्वास है कि उसका चयन होगा। उसका कहना है कि यहां के युवाओं में देश सेवा का बहुत ही जज्बा है।
इसी भर्ती रैली में भाग लेने आई रूबिया शेख का कहना था कि उसने तय समय पर दौड़ पूरी कर ली। बाकी टेस्ट भी पास कर लिए। अब देखना है कि उसका नंबर आता है या नहीं। उसने कहा कि उसे पुलिस में युवतियों को देखकर अच्छा लगता है। कश्मीर की कई युवतियां पुलिस में हैं और देश की सेवा कर रही है। भर्ती रैली में युवाओं का जोश और जज्बा देखने वाला था।