विशेष बच्चे भी सीखेंगे बोलना
सेना की राइजिग स्टार की आवा अध्यक्ष अनीता नैन ने वीरवार को जम्मू की सतवारी सैन्य छावनी में विशेष बच्चों के आशा स्कूल में स्पीच थेरेपी रूम का उद्घाटन किया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सेना की राइजिग स्टार की आवा अध्यक्ष अनीता नैन ने वीरवार को जम्मू की सतवारी सैन्य छावनी में विशेष बच्चों के आशा स्कूल में स्पीच थेरेपी रूम का उद्घाटन किया। इसके अलावा आवा अध्यक्ष ने सेना की टाइगर डिवीजन के रतनूचक मिलिट्री स्टेशन में 53वें आवा सप्ताह के दौरान वीर नारियों को सम्मानित किया व शहीदों के परिजनों से भी बातचीत की। अनीता नैन ने आवा सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सैनिकों की पत्नियां अपने ज्ञान को लगातार बढ़ाते हुए खुद को सशक्त बनाएं। आवा सप्ताह का 23 अगस्त शुक्रवार को समापन होगा।
इससे पूर्व उन्होंने सतवारी में टाइगर डिवीजन मुख्यालय में विशेष बच्चों के लिए खोले गए आशा स्कूल का निरीक्षण किया। वहां शिक्षा हासिल कर रहे विशेष बच्चों से बातचीत कर उन्हें चॉकलेट और अन्य उपहार भी दिए। यहां उन्होंने विशेष बच्चों को बोलना सिखाने के लिए आधुनिक स्पीच रूम का भी उद्घाटन किया। जम्मू कश्मीर के विशेष बच्चों के लिए सतवारी में एकलौता स्कूल है। इस स्कूल में सैनिकों के बच्चों के साथ सिविल के विशेष बच्चों को भी शिक्षा दी जा रही है।