Jammu Kashmir : गर्मी से तप रहा जम्मू व कठुआ पर ठंड से कांप रहा है गुलमर्ग, कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी
जम्मू में भी अधिकतम पारा 41.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। इससे दोपहर के समय रहगीरों को लू के थपेड़े झेलने पड़े। इस बीच शुक्रवार को कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई जबकि निचले इलाकों में दिनभर रुक रुककर बारिश होती रही।
जम्मू, जागरण संवाददाता : जम्मू कश्मीर में मौसम में अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। जम्मू संभाग का कठुआ जिला जहां 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ तप रहा है। वहीं कश्मीर का प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुलमर्ग अधिकतम 9.5 डिग्री सेलसियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे ठंडा क्षेत्र बना हुआ है।
वहीं जम्मू में भी अधिकतम पारा 41.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। इससे दोपहर के समय रहगीरों को लू के थपेड़े झेलने पड़े।सुबह के समय भी लोगों को मौसम में गरमाहट झेलनी पड़ रही है। लू चल रही है। गर्मी बढ़ जाने की वजह से शहर के बाजार भी अब सुनसान नजर आने लगे हैं। शाम को कुछ हद तक मौसम में सुधार नजर आता है।मौसम विभाग का कहना है कि अभी कुछ दिन तक इसी तरह जम्मू के लोगों को गर्मी बर्दाश्त करनी पड़ेगी। बीच-बीच तेज आंधी का सामना करना पड़ सकता है।
इस बीच, कश्मीर के उच्च पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में दिनभर रुक रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग ने कश्मीर में 25 मई तक मौसम के मिजाज तीखे बने रहने की संभावना जताई है।आज शनिवार सुबह भी घाटी में ठंडी हवाएं चलती रही।
कश्मीर में अफरवट, साधना टाप व राजदान टाप में हुई ताजा बर्फबारी व बारिश ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है। इसे तापमान सामान्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है। ठंड ने लोगों को फिर गर्म कपड़े पहनने को मजबूर कर दिया है। वहीं श्रीनगर समेत निचले इलाकों में दिनभर बारिश होती रही। वहीं जम्मू संभाग के जिला किश्तवाड़ की बात करें तो वहां भी मौसम ठंडा हो गया है। जिले के ऊपरी क्षेत्र सिंथन पास, छात्रू में भारी हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद इलाके में ठंडी हवाएं चल रही हैं।
कहां कितना तापमान
- जगह अधिकतम न्यूनतम
- श्रीनगर 18.2 13.2
- पहलगाम 18.2 8.0
- गुलमर्ग 9.5 6.4
- जम्मू 41.6 26.6
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)