Jammu Kashmir: बर्फबारी-बारिश से घाटी शेष देश से कटी, हवाई सेवाएं आज भी प्रभावित रही, जम्मू-श्रीनगर हाइवे भी बंद
पत्नीटॉप सरनासर बटोत की पहाड़ियों के अलावा डोडा भद्रवाह के उच्च क्षेत्रों में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है। माता वैष्णो देवी में भी बारिश हो रही है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में पिछले 24 घंटों से लगातार हो रही बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में जारी बारिश के कारण आज घाटी शेष देश से कटकर रह गया है। श्रीनगर हवाई सेवाएं आज भी मौसम खराब होने के कारण लगातार आठवें दिन भी प्रभावित रही। वहीं बारिश व बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर हाइवे, पुंछ-श्रीनगर मुगल रोड और श्रीनगर-लेह मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का जनजीवन अस्तव्यस्त हो कर रह गया है। यही नहीं ठंड का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है।
कश्मीर सड़क मार्ग के देश के दूसरे राज्यों से कट जाने के कारण सैकड़ों वाहन राष्ट्रीय राजमार्ग पर फंस कर रह गए हैं। मौसम विभाग के अनुसार द्रास सबसे ठंडा चल रहा है तो लेह, कारगिल, गुलमर्ग, पहलगाम आदि क्षेत्रों में भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। गुलमर्ग में पिछले 24 घंटों में तीन फुट के करीब बर्फबारी की चादर बिछ चुकी है। पत्नीटॉप, सरनासर, बटोत, माता वैष्णो देवी की पहाड़ियों के अलावा डोडा, भद्रवाह के उच्च क्षेत्रों में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है। वहीं जम्मू संभाग के अधिकतर क्षेत्रों में लगातार बारिश जारी है।
जम्मू कश्मीर के उंचाई वाले क्षेत्रों में पिछले दो दिनों जारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी के पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पहलगाम, टनमर्ग, गुरेज तथा लद्दाख के कई क्षेत्रों हिमस्खलन और जम्मू संभाग के रामबन इलाकों में भूस्खल की आशंका व्यक्त की है।
बारिश के चलते निचले क्षेत्रों में कई स्थानों पर जलभराव हुअा है। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। न्यूनतम तापमान -1.0 डिग्री चल रहा है। जम्मू का अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। लेह का न्यूनतम तापमान -10.4 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, श्रीनगर सये मिली जानकारी अनुसार अभी मौसम इसी तरह बना रहेगा। हल्की बारिश होती रहेगी। लगातार हो रही बारिश के बाद नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। सुबह चिनाब और तवी में काफी जल स्तर बढ़ा हुआ था। तवी के दोनों तट मिले हुए थे।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर का आधा महीना लगभग बीतने को है और ऐसा लगता है कि बर्फबारी किसी भी तरह से ब्रेक लेने के मूड में नहीं है। पिछले 24 घंटों से हो रही भारी बारिश और हिमपात ने जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में काफी नुकसान पहुंचाया है। वीरवार सुबह 8:30 बजे से लेकर अभी तक काजीगुंड 62 मिमी, श्रीनगर में 25 मिमी और जम्मू में 32 मिमि वर्षा दर्ज की गई है। बारिश और बर्फबारी के कारण अधिकतम तापमान में 5 डिग्री से नीचे गिरावट दर्ज की गई है।