Jammu Kashmir Weather: अभी 7 मार्च तक यूं ही रहेगा मौसम का मिजाज, जम्मू-श्रीनगर हाइवे फिर बंद
माैसम विशेषज्ञ डा. महेंद्र सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अभी सक्रिय है। शनिवार तक उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा।
जम्मू, जेएनएन। केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी आैर मैदानी इलाकों में गरज के साथ हल्की बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में निरंतर गिरावट हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में अभी मौसम के मिजाज फिलहाल इसी तरह के बने रहेंगे। मैदानी इलाकों में बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी अभी 7 मार्च तक जारी रहेगी। उच्च पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फ के कारण हिमस्खलन और मैदानी इलाकों में हो रही बारिश भूस्खलन का कारण बन सकती है। प्रशासन ने अलर्ट रहने को कहा है। खराब मौसम के बीच पहाड़ी इलाकों का रूख न करने की हिदायत भी दे दी है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 8 मार्च से कम हाेने लगेगा और मौसम में सुधार होना शुरू हो जाएगा।
वहीं जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर स्थित जिला रामबन के कैपटेरिया मोड़ में गत वीरवार शाम को हुए भूस्खलन के बाद आज दूसरे दिन भी वाहनों की आवाजाही बंद है। नेशनल हाइवे एथारिटी आफ इंडिया के कर्मचारी मशीनों के जरिए मलवा हटाने का काम कर रहे हैं परंतु बारिश के कारण काम में दिक्कत आ रही है। पहाड़ से अभी भी पत्थरों का गिरना जारी है। ट्रैफिक विभाग का कहना है कि बारिश बंद होने के बाद ही यह स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि हाइवे खुलने में किना समय लगेगा। इससे पहले भी दो दिन से हाइवे बंद था, जो वीरवार सुबह ही खुला था। अभी पहले से ही हाइवे पर फंसे छोटे व बड़े वाहनों को पूरी तरह से निकाला नहीं गया था।
ऐसे में एक बार फिर हाइवे बंद होने की वजह से हजारों वाहन फिर फंस गए हैं। इतना ही नहीं पुराने जम्मू शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग को जाेड़ने वाले सर्कुलर रोड भी भूस्खलन के बाद बंद हो गया है। इससे शहर सिद्दड़ा, बजालता आदि क्षेत्र भी शहर से कट गए हैंं। राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के कारण दो हजार के करीब गाड़ियां और हजारों की संख्या में लोग भी फंस कर रह गए हैं। बारिश है कि थमने का नाम नहीं ले रही। पूरे जम्मू-कश्मीर में इस समय बारिश हो रही है और उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी जारी है। इससे तापमान में भी भारी गिरावट आई है।
शेर-ए-कश्मीर विश्वविद्यालय के माैसम विशेषज्ञ डा. महेंद्र सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अभी सक्रिय है। शनिवार तक उच्च पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा। जम्मू संभाग में अधिकतर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में पांच से दस डिग्री सेल्सियस के बीच गिरावट आई है। हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई अधिक कमी नहीं आई है।