भवन से कश्मीर तक बर्फबारी, रामबन के डिगडोल में बारिश से फिर भूस्खलन, जम्मू-श्रीनगर हाईवे बंद
कश्मीर और लद्दाख में रविवार देर शाम ही बर्फबारी शुरू हो गई थी जो आज मंगलवार को भी जारी है। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड पहलगाम कोकरनाग उत्तरी कश्मीर में भी काफी बर्फबारी हो रही है
जम्मू, जागरण संवाददाता। मौसम ने एक बार फिर करवट बदली और पहाड़ों पर बर्फबारी व मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई। जम्मू संभाग में पर्यटनस्थल पत्नीटॉप, सनासर, पंचैरी के अलावा बटोत, भद्रवाह और माता वैष्णो देवी के भवन पर अभी भी हिमपात हो रहा है। कश्मीर घाटी ने भी फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बदले मौसम के मिजाज से पूरा राज्य कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गया है। इसके अलावा 280 किलोमीटर लंबे जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन के डिगडोल में भूस्खलन के कारण फिर रास्ता बंद हो गया है। इससे हजारों वाहन हाईवे पर फंसकर रह गए हैं। वहीं मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को भी मौसम खराब रहेगा।
ट्रैफिक विभाग ने बताया कि कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार जवाहर टनल सहित कई स्थानों पर बर्फबारी जारी है। इसके अलावा पंथियाल-रामसू नदी के किनारे रात भर हुई बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन भी हुआ है, इसी वजह से इसे बंद कर दिया गया है। मलवा हटाने का काम जारी है। हाइवे साफ होते ही फंसे वाहनों को निकालने का काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार शाम को ही भूस्खलन व बर्फबारी के बाद यह मार्ग बंद कर दिया गया था। इस दौरान रामबन और बनिहाल के बीच 600 से अधिक वाहन फंस गए थे।
अधिकारियों ने कहा कि अभी तक जवाहर टनल क्षेत्र में लगभग आठ इंच बर्फ जमी हुई है। बर्फबारी अभी भी जारी है। पंथियाल, डिगडोल, मरोग और मौमपसी में अभी भी पहाड़ों से पत्थर गिर रहे हैं। यहां से पैदल लोगों को भी गुजरने नहीं दिया जा रहा है। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार शाम से मौसम में सुधार का अनुमान है। लेकिन 12-13 जनवरी के बीच एक बार फिर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बर्फबारी और बारिश होने की संभावना है।
कश्मीर और लद्दाख में रविवार देर शाम ही बर्फबारी शुरू हो गई थी, जो आज मंगलवार को भी जारी है। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड, पहलगाम, कोकरनाग और उत्तरी कश्मीर में भी काफी बर्फबारी हो रही है। इधर, जम्मू में सोमवार से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी जारी है। बदले मौसम के बीच लद्दाख का द्रास क्षेत्र सबसे ज्यादा ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान माइनस 12.9 डिग्री व लेह में न्यूनतम पारा माइनस 10.4 डिग्री दर्ज किया गया। जम्मू में न्यूनतम तापमान 8.7 और अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम पारा माइनस 0.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 1.6 रिकॉर्ड किया गया। वहीं पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान माइनस 8.0 दर्ज किया गया। कड़ाके की ठंड के बावजूद पर्यटकों ने खूब मजा किया। प्राकृतिक जलस्रोतों समेत डल झील का जमा पानी सैलानियों को खूब लुभा रहा है। जम्मू संभाग के बनिहाल व किश्तवाड़ शहर में भारी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा कठुआ के बनी व बसोहली में छह इंच से एक फीट बर्फबारी हुई।