Weekend Lockdown in Jammu : लाॅकडाउन का उल्लंघन के छह मामले दर्ज, दो दुकानों को सील किया
महामारी घोषित काेरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन जम्मू द्वारा घोषित 60 घंटे के वीकेंड लॉकडाउन का पुलिस सख्ती से पालन करवा रही हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता । महामारी घोषित काेरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जिला प्रशासन जम्मू द्वारा घोषित 60 घंटे के वीकेंड लॉकडाउन का पुलिस सख्ती से पालन करवा रही हैं।शहर के सभी प्रमुख चौक चौराहों में तारबंदी कर लोगों की आवाजाही को रोका जा रहा है। लोगों को रोक कर उनके घरों से बाहर निकलने का कारण पूछा जा रहा है। जरूरी काम के लिए निकल रहे लोगों को हीं आगे जाने दिया जा रहा है। बिना ठोस कारण घर से निकल रहे लोगों को सुरक्षा कर्मी वापिस भेज रहे हैं।
लाउड स्पीकर से घोषणा कर लोगों को घरों के भीतर रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं
लोगों को लॉकडाउन का पालन करवाने के लिए पुलिस वाहन में सवार कर्मी लाउड स्पीकर से घोषणा कर लोगों को घरों के भीतर रहने के लिए जागरूक कर रहे हैं। जिला पुलिस के साथ कई स्थानों पर ट्रैफिक कर्मी भी नाके लगा कर लॉकडाउन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के चालान काट रहे हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे से शुरू हुए लॉकडाउन में शनिवार देर शाम तक लॉकडाउन का उल्लंघन करने के छह मामले जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज किए गए है।
दो दुकानों को सील किया
इनमें दो दुकानों को सील किया गया है, दुकानदारों ने लॉकडाउन के बावजूद दुकानें खोली थी। मीरा साहिब में मीट विक्रेता के अलावा तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। दुकानदार ने बिना अनुमति के दुकान खोली थी। दुकान में चिकन खरीदने आए तीन लोगों ने चेहरे पर मास्क तक नहीं लगाया था। विभिन्न थानों में दर्ज छह मामलों में कुल नौ लोगों के आरोपित बनाया गया हैं। एसएसपी जम्मू श्रीधर पाटील का कहना है कि लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से पुलिस सख्ती के साथ निपटेगी।