Jammu: नानक नगर में शुरू किया श्री राम मंदिर निर्माण निधि अभियान
संत ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत कमजोर होने पर बौद्धिक और आध्यात्मिक के साथ आत्मिक दृष्टि भी कमजोर हो जाती हैं। राम एक ऐसे महापुरुष थे जिनका संपूर्ण जीवन साहस और धैर्य से भरा है। उनसे हमें शिक्षा लेनी चाहिए।
जम्मू, जागरण संवाददाता: कॉरपोरेटर सुरजीत सिंह उर्फ पप्पू चौधरी की अध्यक्षता में नानक नगर के वार्ड 43 में श्री राम मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान का शुभारंभ किया गया। जय श्री राम के जयघोष के साथ मुहल्लों में जाकर लोगों को अभियान से जोड़ा गया।
यहां लोगों को संबोधित करते हुए कॉरपोरेटर सुरजीत सिंह उर्फ पप्पू चौधरी ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष और कई पीढ़ियों के शहादत के बाद हम लोगों के समय में श्री राम जन्मभूमि पर अयोध्या में भव्य मंदिर का निर्माण होने जा रहा है। शहादत देने वालों को हम सब श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। हम सौभाग्यशाली हैं कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण होते देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि विवादित स्थान पर कभी नमाज नहीं पढ़ा जाता लेकिन कुत्सित प्रयास किया गया। जिसका हम सभी हिंदुओं ने डटकर विरोध किया और हमारी जीत हुई है।
संत ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत कमजोर होने पर बौद्धिक और आध्यात्मिक के साथ आत्मिक दृष्टि भी कमजोर हो जाती हैं। राम एक ऐसे महापुरुष थे जिनका संपूर्ण जीवन साहस और धैर्य से भरा है। उनसे हमें शिक्षा लेनी चाहिए। वेदों से उपनिषद, उपनिषद से पुराण और भगवान श्री राम संपूर्ण मानवता के उद्धारक थे। जब राजा बने तो उन्होंने कहा कि जिस राज्य की प्रजा दुखी हो, वह राजा नरकवासी के समान है। इसलिए राजा कभी अपनी प्रजा की दुख नहीं देख सकता। उन्होंने लोगों से कहा कि आप सब सामर्थ से बढ़कर भगवान के चरणों में समर्पित हो जाएं।
अयोध्या का राम मंदिर हिंदू समाज के लिए राष्ट्र निर्माण धरोहर और हिंदू प्रतीक के रूप में जाना जाएगा। देश मे रामराज्य की स्थापना हो चुकी है। जिसकी कड़ी में राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का प्रारंभ होना है। इसलिए हम सब हिंदू ऊंच-नीच अमीर गरीब जात पात भेदभाव से ऊपर उठकर हिंदुत्व के लिए अपना योगदान दें। इस मौके पर कई गणमान्य उनके साथ रहे।