Janmashtmi 2022 : जन्माष्टमी पर जगजननी मंदिर से जानीपुर चौक तक निकली शोभा यात्रा, मंदिरों में चल रहा धार्मिक आयोजन
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर नानक नगर स्थित श्री राम मंदिर से आकर्षक शोभायात्रा निकाली। झांकी में चार साल पहले वृंदावन से लगाए कान्हा झांकी में सवार होकर झांकी की शोभा का आकर्षण बने। शोभायात्रा नानक नगर के विभिन्न सेक्टर से होकर गुजरी।
जम्मू, जागरण संवाददाता : श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य पर जगजननी मंदिर से लेकर जानीपुर चौक तक शोभा यात्रा निकाली गई। भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं से आेत-प्रोत इस शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया जो भगवती कृष्ण की झांकियों के साथ चलते रहे। रास्ते में जगह-जगह भगवान की शोभा यात्रा का स्वागत हुआ और लोगों ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न रूपों और लीलाओं को नमन किया।
महंत श्री राम सुमिरन दास जी की देखरेख में शाम 4 बजे निकाली गई इस शोभा यात्रा में सभी झांकियां मनमोहक थीं। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक राजेंद्र कुमार बख्शी, डा. संजय खजूरिया, डा कपूर, जीएसपी जगपाल, गोस्वामी जी आदि रहे जिन्होंने झांकी को सफल बनाने के लिए जी-जान से सेवा की।
राम मंदिर नानक नगर से निकली भव्य शोभा यात्रा : श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर नानक नगर स्थित श्री राम मंदिर से आकर्षक शोभायात्रा निकाली। झांकी में चार साल पहले वृंदावन से लगाए कान्हा झांकी में सवार होकर झांकी की शोभा का आकर्षण बने। शोभायात्रा नानक नगर के विभिन्न सेक्टर से होकर गुजरी। मंदिर कमेटी के चेयरमैन पप्पू चौधरी की अध्यक्षता में निकाली गई शोभा यात्रा सेक्टर 6,7, 9,5, शास्त्री नगर समेत विभिन्न मुहल्लों से निकली।
भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं से ओत-प्रोत यह झांकी सभी को आकर्षित कर गई। झांकी के साथ चलते श्रद्धालु ढाेल की थाप पर नाचते रहे। लोग घरों की छतों से लल्ला पर फूलों की वर्षा करते रहे। इतना ही नहीं रास्ते में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने झांकी के लिए खाने-पीने की भी व्यवस्था की। हर साल की तरह इस बार भी नानक नगर के इस मंदिर की झांकी की शोभा देखते ही बनी। यहां हर साल की तरह मटकी तोड़ो कार्यक्रम भी हुआ। पप्पू चौधरी ने कहा कि लोगों का भरपूर समर्थन मिलता है। हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। करीब आधा किलोमीटर लंबी झांकी रही।