एशियन पैरा गेम्स: जम्मू की शीतल देवी ने जड़ा कीर्तिमान, एक ही दिन में जीते दो गोल्ड; सिंगापुर की तीरंदाज को हराया
Asian Para Games: जम्मू-कश्मीर की शीतल देवी ने एशियाई पैरा खेलों में महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में लगातार दूसरा ...और पढ़ें

बिना हाथों वाली तीरंदाज शीतल देवी ने एशियाई पैरा खेलों में दूसरा गोल्ड जीता।
HighLights
शीतल देवी ने एशियाई पैरा खेलों में दूसरा स्वर्ण पदक जीता।
महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में अलीम नूर स्याहिदा को हराया।
इन खेलों में कुल तीन पदक अपने नाम किए, जिसमें दो स्वर्ण शामिल।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर की बिना हाथ की तीरंदाज शीतल देवी ने गुरुवार को एशियाई पैरा खेलों में महिलाओं की कंपाउंड व्यक्तिगत स्पर्धा में लगातार दूसरी बार गोल्ड जीता। रोमांचक फाइनल में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए उन्होंने सिंगापुर की अलीम नूर स्याहिदा को 142-139 से हराया।
19 वर्षीय विश्व चैंपियन शीतल ने तोमन कुमार के साथ कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के कुछ ही घंटे बाद यह कामयाबी हासिल की। इसमें उन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया की टीम को 151-148 से हराया।
इस बार भी फाइनल में अलीम को हराया
वहीं ओकाज़ाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पस स्क्वायर में हुए फाइनल में उन्होंने हांगझू 2023 के फाइनल की तरह ही अलीम को 142-139 से हराया। इस जीत के साथ शीतल ने अपना दूसरा स्वर्ण पदक जीता और इन खेलों में कुल तीन पदक अपने नाम कर लिए।
अलीम ने शुरुआती दो राउंड में चार अंकों की बढ़त बना ली थी। इन दोनों राउंड में 6-6 तीर चलाए गए। पिछले खेलों के फाइनल में भी वह शीतल से दो अंकों से हार गई थीं, लेकिन इस बार भी जम्मू-कश्मीर की शीतल ने शानदार वापसी की।
लगातार छह बार 10 अंक लेकर शीतल ने पलटा मैच
शीतल ने अगले दो राउंड में लगातार 6 बार 10-10 अंक हासिल किए। इनमें तीन तीर निशाने के बिल्कुल बीच में लगे, जिन्हें 'X' कहा जाता है। इस प्रदर्शन के दम पर उन्होंने आखिरी राउंड से पहले दो अंकों की बढ़त बना ली। अंतिम राउंड में तीन तीर चलाए जाने थे।
स्वर्ण पदक दांव पर होने के बावजूद शीतल ने अपना संयम बनाए रखा और तीनों तीरों से 9-9 अंक हासिल किए। इस तरह उन्होंने आखिरी राउंड में कुल 27 अंक बनाए।
शीतल की झोली में एक और गोल्ड
दबाव में अलीम का प्रदर्शन थोड़ा कमजोर रहा। वह अंतिम राउंड में 9, 8 और 9 अंक ही हासिल कर सकीं और कुल 26 अंक बना पाईं। इस तरह शीतल ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज की।
इन खेलों में शीतल के कुल तीन पदक हो गए हैं। इससे पहले उन्होंने ओडिशा की पायल नाग के साथ महिलाओं की युगल स्पर्धा में रजत पदक जीता था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के माध्यम से)
