विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

20 मीटर का रास्ता, आधा दर्जन गड्ढे और दिनभर जाम... जम्मू में इस सड़क का हाल बेहाल, अस्पताल जाने वाले बेहद परेशान

Published: Fri, 02 Oct 2026 03:34 PM (IST)

जम्मू में शक्ति नगर से बख्शी नगर को जोड़ने वाली सड़क पर गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं ...और पढ़ें

जम्मू में शक्ति नगर-बख्शी नगर मार्ग पर गड्ढों का जाल (फाइल फोटो)

जम्मू में शक्ति नगर-बख्शी नगर मार्ग पर गड्ढों का जाल (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शक्ति नगर-बख्शी नगर सड़क पर गहरे गड्ढे, हादसों का अंदेशा।

  2. जीएमसी जाने वाले मरीजों और एंबुलेंस को भारी परेशानी।

  3. पीडब्ल्यूडी ने आधुनिक मशीनों से जल्द मरम्मत का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शक्ति नगर से बख्शी नगर को जोड़ने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। महज 20 मीटर के छोटे से दायरे में करीब आधा दर्जन गहरे गड्ढे उभर आए हैं, जो आए दिन सड़क हादसों को खुला न्यौता दे रहे हैं। गड्ढों से बचने की होड़ में यहां दिनभर वाहनों की कतारें लगी रहती हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है।

यह मार्ग शहर के सबसे संवेदनशील और व्यस्ततम रास्तों में से एक है। इसी मार्ग पर जीएमसी अस्पताल सहित तीन प्रमुख अस्पताल और आसपास दर्जनों डायग्नोस्टिक सेंटर स्थित हैं। इसके अलावा मार्ग पर तीन बैंक और कई बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं, जहां रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों और मरीजों की आवाजाही होती है।

सड़क की खस्ताहाली के कारण आपातकालीन एंबुलेंस सेवाएं भी जाम में फंस रही हैं, जिससे मरीजों की जान पर जोखिम बना रहता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि प्रशासन पारंपरिक और खानापूर्ति वाले तरीकों से गड्ढे भरने के बजाय नगर निगम की आधुनिक पैच-फिलिंग मशीन को मौके पर तैनात करे ताकि सड़क की टिकाऊ और त्वरित मरम्मत हो सके।

क्या कहते हैं लोग

स्थानीय निवासी मोनू कुमार का कहना है कि जीएमसी जाने वाली एंबुलेंस रोजाना यहां गड्ढों और जाम के झाम में फंसती हैं। किसी गंभीर मरीज के लिए यह देरी जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।

दुकानदार मादव मोदी का कहना है कि सड़क पर उड़ती धूल और हर 10 मिनट में लगने वाले जाम ने हमारा कारोबार पूरी तरह ठप कर दिया है। 20 मीटर के टुकड़े को ठीक करना प्रशासन के लिए कोई बड़ा काम नहीं है, बस इच्छाशक्ति की कमी है।

निवासी दयारन राकेश सिंह का कहना है कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग मौत का जाल बन चुका है। रात के अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देते और लोग संतुलन खोकर गिर जाते हैं। निगम को आधुनिक मशीनों से तुरंत पक्की मरम्मत करानी चाहिए।

क्या कहते हैं अधिकारी

जम्मू पीडब्ल्यूडी एसई सलीम-उल-सबा का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। संबंधित विंग को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही आधुनिक तकनीक और पैच-रिपेयरिंग के जरिए इस हिस्से की मरम्मत कराई जाएगी, ताकि लोगों और अस्पताल आने-जाने वाले वाहनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।