Grenade Attack in Kashmir: बिजबेहाड़ा में आतंकियों के निशाने पर था शाहनवाज हुसैन का काफिला, अनंतनाग और पुलवामा में भी हमले
कश्मीर में भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन का काफिला व चुनावी रैली आतंकियों के निशाना पर थी। आतंकियों ने अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा और पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में छह घंटे के अंदर तीन हमले किए।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: कश्मीर में जिला विकास परिषद के चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रचार की कमान संभाल रहे पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन का काफिला व चुनावी रैली आतंकियों के निशाना पर था। वीरवार को आतंकियों ने अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा और पुलवामा जिले के अवंतीपोरा में छह घंटे के अंदर तीन हमले किए। एक हमला बिजबिहाड़ा में शाहनवाज हुसैन की रैली स्थल से करीब 500 मीटर दूर हुआ, जहां से करीब पंद्रह मिनट बाद उनका काफिला गुजरना था।
उससे पहले एक हमला पुलवामा के अवंतीपारा के कदलबल इलाके में हुआ, यह इलाका भी शाहनवाज के रैली स्थल से एक किलोमीटर के दायरे में है। इस दौरान मोटर साइकिल पर आए आतंकियों ने ग्रेनेड दागने के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों पर गोलियां भी चलाईं, इसमें में एक जवान घायल हो गया। एक अन्य मुठभेड़ सुबह सुबह अनंतनाग के गुंडबाबा इलाके में हुई। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक घायल आतंकी को पकड़ लिया गया। माना जा रहा है कि इन आतंकियों का निशाना भी शाहनवाज का काफिला हो सकता था। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इस पर अभी प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की है।
शाहनवाज को महबूबा के गढ़ अनंतनाग जिले के बिजबिहाड़ा में वीरवार को चुनावी रैली को संबोधित करना था। मंच और आसपास के क्षेत्र को भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगों से पाट दिया गया था। एक तरह से आतंक के गढ़ माने जाने वाले दक्षिण कश्मीर में यह भाजपा की उनके अस्तित्व को सीधी चुनौती थी।
उनके रैली स्थल के जाने के रास्ते पर दोपहर 12:30 बजे सीधा ग्रेनेड हमला किया गया। यह हमला रैली स्थल से मात्र 500 मीटर दूर हुआ। लगभग इसी समय शाहनवाज को बिजबेहाड़ा में रैली के लिए पहुंचना था। गनीमत यह रही कि शाहनवाज रैली स्थल पर आने से पहले दोपहर साढ़े बारह बजे के करीब जिले के संगम इलाके में क्रिकेट बैट बनाने वाले लोगों से मिलने के लिए रूक गए। इस कारण वह रैली स्थल पर देरी से पहुंचे। वहां पर करीब बीस मिनट लग गए व ऐसे में आतंकवादी ज्यादा देर तक रूकने का जोखिम न उठाते हुए सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमला कर वहां से भाग निकले। शाहनवाज ग्रेनेड हमले के कुछ देर के बाद उसी रास्ते से होकर बिजबेहाड़ा के पार्क में रैली स्थल पर पहुंचे। वहां पर माैजूद लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने आतंकवादियों को स्पष्ट संदेश दिए कि उनके ग्रेनेड व गोलियां भाजपा कार्यकर्ताओं को लोगों के बीच जाने से रोक नहीं सकते हैं।
यहां-यहां हुए हमले :
- सुबह अनंतनाग में आतंकियों के साथ मुठभेड़, एक आतंकी घायल, शाहनवाज के काफिला हो सकता था निशाना
- शाहनवाज की रैली स्थल से एक किमी के दायरे में अवंतीपोरा में ग्रेनेड हमला व गोलाबारी
- बिजबिहाड़ा में शाहनवाज के गुजरने से करीब पंद्रह मिनट पहले मात्र 500 मीटर दूर हुआ ग्रेनेड हमला
हम मोदी सेना हैं, हमें लोगों के बीच जाने से नहीं रोक सकते हैं ग्रेनेड, गोलियां
ग्रेनेड हमले के बाद पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन रैली में शामिल हुए और आतंकियों को सीधी चुनौती दे दी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता मोदी सेना के सिपाही हैं, उन्हें आतंकवादियों के ग्रेनेड व गोलियां कश्मीर में लोगों के बीच जाने से नहीं रोक नही सकते हैं। जम्मू कश्मीर में जिला विकास परिषद के लिए वीरवार को अंतिम चरण के चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था। शाहनवाज हुसैन शून्य से कम तापमान में श्रीनगर के बिजबेहाड़ा में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।
शाहनवाज हुसैन ने लगातार कश्मीर में डेरा डाल कर प्रचार की कमान संभाली। तिरंगा उठाने से इन्कार करने वाली महबूबा के गढ़ में उन्होंने कहा कि आज हम उनके गृह जिले बीज बिहाड़ा में तिरंगे हाथ में लेकर खड़े हैं। सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी तिरंगे उठा रखे हैं। कश्मीर में तिरंगे लहराना इसका सबूत है कि अब हालात बदल गए हैं। लोगों ने आतंकवाद, अलगाववाद को नकार दिया है।
इसी बीच वीरवार शाम पांच बजे जम्मू कश्मीर में चुनाव प्रचार का शोर थम गया। अंतिम चरण का मतदान 19 दिसंबर को हाेना है। ऐसे में वीरवार को प्रचार के अंतिम दिन यहां शाहनवाज हुसैन व भाजपा के महासचिव विबोध गुप्ता ने कश्मीर में प्रचार किया तो वहीं जम्मू कश्मीर के भाजपा प्रभारी तरूण चुग ने जम्मू व प्रदेश में प्रचार की कमान संभाल रहे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कठुआ में प्रचार किया।
जम्मू संभाग में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना, सांसद जुगलकिशोर शर्मा ने भी प्रचार के अंतिम दिन चुनावी रैलियां की। कांग्रेस ने वीरवार को स्थानीय नेताओं की मदद से प्रचारमें जोर लगाया।वहीं श्रीनगर के बीज बिहाड़ा में वीरवार दोपहर को अंतिम चरण के मतदान के लिए प्रचार करते हुए प्रभारी शाहनवाज हुसैन ने कहा है की आतंकवादियों के ग्रेनेड हमले व गोलीबारी, अब जमीनी सतह पर लोकतंत्र को मजबूत होने से रोक नहीं सकते हैं। लोगों ने तेज विकास से भविष्य बदलने की ठान ली है।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता भी अब बुलंद हौंसले के साथ लोगों के बीच हैं। उन्हें आतंकवादियों के ग्रेनेड व गोलियां लोगों से मिलने से रोक नहीं सकते हैं। शाहनवाज हुसैन ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेना की तरह काम कर रहे हैं। हम कश्मीर के हर हिस्से में जाकर लोगों की मुश्किलों को दूर करने के लिए उनसे मिलेंगे।