विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में चप्पे-चप्पे पर पहरा, दरबार मूव से पहले SOG के औचक नाके; जगह-जगह रोके जा रहे वाहन

Published: Fri, 16 Oct 2026 12:09 PM (IST)

दरबार मूव से पहले जम्मू में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसमें एसओजी के जवान सड़कों पर उतरकर ...और पढ़ें

दरबार मूव से पहले जम्मू में सुरक्षा का कड़ा पहरा।

दरबार मूव से पहले जम्मू में सुरक्षा का कड़ा पहरा।

HighLights

  1. दरबार मूव से पहले जम्मू में सुरक्षा कड़ी की गई।

  2. एसओजी जवान सड़कों पर औचक नाके लगाकर जांच कर रहे।

  3. संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं पर नजर रखने की अपील।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू में दरबार मूव की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जम्मू स्थित नागरिक सचिवालय दो नवंबर से पूरी तरह क्रियाशील हो जाएगा। कर्मचारियों और सरकारी सामान को लेकर काफिला 31 अक्टूबर और एक नवंबर को जम्मू के लिए रवाना होगा। दरबार मूव से पहले जम्मू में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क हो गई हैं।

जम्मू पुलिस का आतंकवाद विरोधी दस्ता स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) शहर के विभिन्न इलाकों में औचक नाके लगाकर वाहनों की जांच कर रहा है। इस दौरान वाहनों में सवार लोगों के सामान की तलाशी लेने के साथ उनके पहचान पत्र भी जांचे जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियां दरबार मूव के दौरान जम्मू पहुंचने वाले लोगों की आवाजाही पर नजर रख रही हैं।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई आतंकवादी या उसका मददगार आम लोगों के साथ जम्मू में प्रवेश कर अपनी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए ठिकाना न बना सके। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों पर सुरक्षा जांच बढ़ाई गई है।

अचानक नाके लगाकर वाहनों की जांच 

एसओजी के जवान विभिन्न स्थानों पर अचानक नाके लगाकर आने-जाने वाले वाहनों की जांच कर रहे हैं। जांच के दौरान वाहन चालकों और उनमें सवार लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाया जा सके।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

सुरक्षा एजेंसियों की ओर से आम लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। लोगों से कहा जा रहा है कि वे अपने आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि को नजरअंदाज न करें। ऐसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।