कश्मीर में पार्टी नेताओं की सुरक्षा सर्वाेपरि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की बात
प्रदेश अध्यक्ष ने जोर दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को पुख्ता बनाने की दिशा में कार्रवाई हो। रैना ने बताया कि अमित शाह ने विश्वास दिलाया है कि पंडिता के हत्यारों को जल्द उनके किए की सजा मिलेगी।
जम्मू, राज्य ब्यूरो । प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने कश्मीर में पार्टी नेताओं की सुरक्षा यकीनी बनाने का मुद्दा केंद्रीय गृृहमंत्री अमित शाह से उठाया। प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से टेलीफोन पर बात कर उन्हें कश्मीर के त्राल में बुधवार रात को पार्टी कार्यकर्ता व त्राल के काउंसिलर राकेश पंडिता के आतंकवादी हमले में निधन से उपजे हालात के बारे में जानकारी दी।
प्रदेश अध्यक्ष ने जोर दिया कि पार्टी कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को पुख्ता बनाने की दिशा में कार्रवाई हो। रैना ने बताया कि अमित शाह ने विश्वास दिलाया है कि पंडिता के हत्यारों को जल्द उनके किए की सजा मिलेगी।कश्मीर में पार्टी कार्यकर्ता की हत्या से उपजे हालात में संगठन महामंत्री अशोक कौल इस समय कश्मीर में है।
गत वर्ष भी कश्मीर में भाजपा नेताओं की सुरक्षा को पुख्ता बनाने का मुद्दा उपराज्यपाल से उठा चुके कौल का कहना है कि कार्यकर्ताओं की सुरक्षा में कुछ खामियां हैं। हमारे पूरी कोशिश है कि इन खामियों को दूर कर कार्यकर्ताओं की सुरक्षा को यकीनी बनाया जाए।अशोक पंडिता के पार्थिव शरीर को वीरवार सुबह नौ बजे के करीब जम्मू लाया गया था।
बनतालाब के चिन्नोर में सुबह दस बजे के करीब उनका अंतिम संस्कार हुआ। इसमें प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र रैना, सांसद जुगल किशोर शर्मा समेत पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता शामिल हुए।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व जम्मू कश्मीर के प्रभारी तरुण चुग ने कश्मीर में पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमलों को पीएम के विकास के एजेंडे में खलल डालने की साजिश बताया है। पाकिस्तान की शह पर आतंकवादी लोकतंत्र की राह में बाधाएं पैदा करने की कोशिशें कर रहे हैं।
ऐसे हमले आतंकवादियों की हताशा के भी प्रतीत हैं, सुरक्षाबलों ने आतंकवाद को गहरा आघात दिया है। आतंकवादी लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए कार्य कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के मनोबल को गिरा नही सकते हैं।वही रविन्द्र रैना का कहना है कि राकेश पंडिता की कुर्बानी व्यर्थ नही जाएगी। खूनखराबा कर रहे आतंकवादियोंको मार गिराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया कोविड से लड़ रही है तो पाकिस्तान कश्मीर में लोगों की हत्याएं करने की कार्रवाई कर रहा है। पाकिस्तान व उसकी शह पर काम कर रहे आतंकवादी कश्मीर के हालात बेहतर होते देख हताश हो रहे हैं। सुरक्षाबलों के सामने आने की हिम्मत नही कर पा रहे आतंकवादी अब रात के अंधेरे में आम लोगों की हत्याएं कर रहे हैं।