उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने जम्मू दौरे में कहा - पाकिस्तान को समझना चाहिए हम शांति चाहते हैं
उपराष्ट्रपति ने जोर दिया कि वैज्ञानिक, किसानों के बीच जाकर उन्हें बताएं कि कैसे वे आधुनिक तरीकों के इस्तेमाल से खेती को बेहतर बना सकते हैं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडु ने कहा है कि देश के विकास के लिए जरूरी है प्रयोगशालाओं में होने वाले शोध का फायदा आम लोगों तक पहुंचे। वहीं जम्मू में सीमा पार से गोलाबारी से उपजे हालात पर उन्होंने कहा कि हम शांति चाहते हैं, पाकिस्तान को यह बात समझनी चाहिए।
सोमवार को जम्मू के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडु इंडियन इंस्टीट्यूट आफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन जम्मू में वैज्ञानिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रयोगशाला में हासिल उपलब्धियाें का फायदा आम लोगों तक पहुंचना जरूरी है। चाहे खेतीबाड़ी हो या बीमारियों के इलाज तलाशने की दिशा में शोध हो, इसका असली फायदा तभी होगा जब इससे आम लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
उपराष्ट्रपति ने जोर दिया कि वैज्ञानिक, किसानों के बीच जाकर उन्हें बताएं कि कैसे वे आधुनिक तरीकों के इस्तेमाल से खेती को बेहतर बना सकते हैं। इससे न सिर्फ किसानों का आर्थिक स्तर बेहतर होगा अपितु देश का विकास भी होगा। चिकित्सा के क्षेत्र में शोध का भी बीमारियों की राेकथाम के लिए बेहतर तरीके से इस्तेमाल होना चाहिए।
इंडियन इंस्टीट्यूट आफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन जम्मू के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए खेती के तरीकों में बदलाव बहुत जरूरी है।ऐसे में वैज्ञानिक, किसानों के साथ बेहतर समन्वय बनाते हुए अपने शोध को खेतों तक ले जाएं। यह समय की मांग है। इस मौके पर उपराष्ट्रपति के साथ राज्यपाल एनएन वाेहरा, प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री डा जितेन्द्र सिंह, उपमुख्यमंत्री कविन्द्र गुप्ता व मंत्रिमंडल के अन्य कई सदस्य भी माैजूद थे।
उपराष्ट्रपति बनने के बाद वह पहली बार जम्मू पहुंचे वैंकेया नायडू का राज्यपाल एनएन वोहरा ने सुबह नौ बजे के करीब तकनीकी हवाई अड्डे पर किया। इसके बाद उपराष्ट्रपति वहां से सीधे राजभवन के लिए रवाना हो गए। वह वहां से सुबह करीब ग्यारह बजे इंडियन इंस्टीट्यूट आफ इंटीग्रेटिव मेडिसिन पहुंचे थे।
देश के उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू के जम्मू दौरे से पूर्व सुरक्षा बंदोबस्त को अंतिम रूप देने के लिए राज्य पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने रविवार सुबह मॉकड्रिल की। इस दौरान जवानों ने बिक्रम चौक से गांधी नगर की ओर जाने वाले फ्लाईओवर को यातायात के लिए रोक दिया।
फ्लाईओवर के शुरुआत में ही जवानों को तैनात कर दिया गया, जो वाहन चालकों को बिक्रम चौक से अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए कह रहे थे। सतवारी से कनाल रोड की ओर से जाने वाले मार्ग पर जिला पुलिस के अलावा ट्रैफिक पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तैनात रहे। शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती को देखकर लोग दहशत में आ गए और सुरक्षाबलों की तैनाती का कारण पूछने लगे।
एसएसपी जम्मू विवेक गुप्ता का कहना है कि उप राष्ट्रपति के जम्मू दौरे को लेकर जवान पूरी तरह सतर्क हैं। शहर में जवानों की अतिरिक्त तैनाती के अलावा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इंटेग्रेटिव मेडिसिन (आइआइआइएम) में सुरक्षा बंदोबस्त को अंतिम रूप दिया गया है। उप राष्ट्रपति सोमवार को एक दिवसीय जम्मू दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वह कनाल रोड स्थित आइआइआइएम जाएंगे, जहां वह काउंसिल ऑफ साइंटिफिक एंड इंडस्ट्रीयल रिसर्च द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
जम्मू जोन के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस एसडी व मंडलायुक्त हेमंत शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उप राष्ट्रपति के दौरे की तैयारियों का जायजा लिया।