टोल प्लाजा के कर्मियों को आपदा से बचाने के लिए गुर सिखाए
टोल प्लाजा कर्मियों को संबोधित करते हुए डिप्टी कंट्रोलर शशि ठाकुर ने कहा कि जागरूकता से हीं कीमती जानों को बचाया जा सकता है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग के बनतालाब टोल प्लाजा में तैनात कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन के गुर सिखाने के लिए सिविल डिफेंस, होमगार्ड एवं स्टेट डिजास्टर रिस्पांड फोर्स (एसडीआरएफ) ने एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया। इस दौरान टोल प्लाजा के कर्मचारियों को प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी दी गई।
सिविल डिफेंस, होमगार्ड की डिप्टी कंट्रोलर शशि ठाकुर की देखरेख में आयोजित हुए इस शिविर में टोल प्लाजा कर्मचारियों को आग, भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदा के दौरान बचाव बारे अवगत करवाया। उन्हें बताया गया कि सफल के दौरान यदि कोई वाहन सवार बीमार हो जाता है या फिर सड़क हादसे में यात्री घायल हो जाते है, तो उन्हें प्राथमिक उपचार किस प्रकार दिया जाना चाहिए। शिविर में शामिल स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों ने बकायदा पुतले का उपचार कर उन्हें जानकारी दी। इस दौरान टोल प्लाजा कर्मियों को संबोधित करते हुए डिप्टी कंट्रोलर शशि ठाकुर ने कहाकि जागरूकता से हीं कीमती जानों को बचाया जा सकता है।
उन्होंने कहाकि यदि किसी व्यक्ति की हृदयगति रूक जाती है तो उन्हें दूसरा व्यक्ति अपनी सांस लेकर बचा सकता है। इस प्रकार चोट लगने पर मरहम पट्टी किस प्रकार से करनी है के बारे यदि आम आदमी को जानकारी हो वह दूसरों की जान को बचा सकता है। इस मौके पर सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन रंजीत सिंह, डिप्टी डिस्ट्रिक्ट वार्डन विजय मंगोत्रा भी मौजूद रहे।