Jammu: लार्खों खर्चने के बाद भी प्यासे लोग, तमाशबीन बना जलशक्ति विभाग
करीब 20 हजार की आबादी इस ओएचटी के बनने से लाभान्वित होनी थी। सरकारी लापरवाही के चलते यह ओएचडी सभी का मुंह चिढ़ा रहा है।
जम्मू, जागरण संवाददाता। शहर के वार्ड 75 के गांव दुर्गाे चक्क में लोगों को पेयजल किल्लत से निजात दिलाने के लिए चार साले पहले ओवर हैड टैंक बनवाया गया। लाखों रुपये की लागत से तैयार हुए इस टैंक से आज तक लोगों को पानी की बूंद नहीं मिली। विभाग इसे शुरू करवाने में नाकाम साबित हुआ है।
करीब 20 हजार की आबादी इस ओएचटी के बनने से लाभान्वित होनी थी। सरकारी लापरवाही के चलते यह ओएचडी सभी का मुंह चिढ़ा रहा है। स्थानीय कॉरपोरेटर का कहना है कि वर्ष 2016 में इसका निर्माण किया। उसके बाद इसकी टेस्टिंग के लिए एक दिन पानी भी चढ़ाया गया। वो दिन था और आज का दिन है, इसे दोबारा चालू नहीं किया जा सका। संबंधित अधिकारियों से भी लोगों ने कई बार गुहार लगाई लेकिन कोई परवाह नहीं कर रहा। नतीजतन लोग बेहाल हैं। अब समस्या इसलिए और गहरा गई है कि क्षेत्र में लगी दूसरी मोटर जल गई है।
पांच दिन से पानी नहीं: जम्मू : क्षेत्र के गांव पतनयाल और दुर्गाे चक्क में पिछले पांच दिनों से जलापूर्ति नहीं हुई है। यहां ट्यूबवेल की मोटर खराब होने के कारण पानी नहीं आ रहा है। करीब पांच हजार लोगों को इस कारण पीने को पानी नहीं मिला। मजबूर लोग आसपास लगे हैंडपंप से पानी लाकर गुजारा करने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि जम्मू नगर निगम के अधीन आने के बाद कोई परवाह नहीं कर रहा। हमें लगता था कि हम शहर में शामिल हो गए हैं तो सुविधाएं मिलेगी लेकिन सरकारी रवैये से ऐसा लग नहीं रहा। पिछले पांच दिनों से इलाके में पानी नहीं आया है।
वहीं जल शक्ति विभाग के क्षेत्र के एइइ संजय चोपड़ा ने लोगों को विश्वास दिलाया कि विभाग को ओएचटी को जल्द ठीक करवा लेगा। इसके अलावा खराब मोटर को ठीक करवा कर जल्द रूटीन में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी।
क्या कहते हैं लोग : ‘यहां लोगों को पानी देने के लिए लाखों रुपये खर्च कर ओएचटी बनाा गया था। चार साल गुजर चुके हैं। आज तक इससे पानी नहीं छोड़ा गया। कभी कहते हैं, इसमें कहीं दरारे हैं तो कभी इसमें खराबी के बहाने लगाए जाते हैं। कुल मिलाकर लोगों को पानी नहीं मिला। ’ -रवि कुमार
‘दुर्गाे चक्क में जब ओवर हैड टैंक बना तो हमें लगा कि अब घर-घर में पानी होगा। बड़े अफसोस की बात है कि निर्माण के बावजूद ओएचटी को चालू नहीं किया गया। किसी ने यह भी नहीं बताया कि आखिर हुआ क्या है। विभाग टाल-मटोल करता जा रहा है।’ -सूरज प्रकाश
‘लाखों रुपये खर्च कर बनाई गई टैंकी खराब पड़ी है। ऐसा सुनने में आया है कि इसमें लीकेज है। लीकेज को ठीक करने के बजाय विभाग समय गुजार रहा है। इस चक्कर में चार-पांच हो चुके हैं। इसे जल्द ठीक करवा कर जलापूर्ति शुरू की जानी चाहिए।’ -सतपाल
- ‘जब से मैं कॉरपोरेटर बना हूं विभाग को इस ओएचटी को चालू करने की मांग कर रहा है। करीब चार साल पहले इसे बनाया गया था। इसमें लीकेज की समस्या थी। समस्या इतनी बड़ी नहीं कि सालों इसकी मरम्मत में लग जाएं। विभाग की लापरवाही के चलते क्षेत्र के लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। पिछले पांच दिनों से दुर्गो चक, पतनयाल व आसपास के क्षेत्रों में पीने का पानी नहीं आया। जल शक्ति विभाग को ओएचटी जल्द शुरू करना होगा।’ -गार सिंह चिब, कॉरपोरेटर, वार्ड 75