जम्मू वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! कुंजवानी-सतवारी फ्लाईओवर जल्द खुलेगा, एयरपोर्ट जाना होगा आसान
जम्मू में सतवारी-कुंजवानी एलिवेटेड फ्लाईओवर जल्द ही वाहनों के लिए अस्थायी रूप से खोला जाएगा, जिससे यातायात सुगम होगा। यह ...और पढ़ें

सतवारी-कुंजवानी एलिवेटेड फ्लाईओवर पर जल्द दौड़ेंगी गाड़ियां।
HighLights
सतवारी-कुंजवानी एलिवेटेड फ्लाईओवर जल्द ही वाहनों के लिए अस्थायी रूप से खुलेगा।
यह फ्लाईओवर जम्मू हवाई अड्डे तक सीधी और निर्बाध कनेक्टिविटी देगा।
सतवारी चौक पर लगने वाले भारी यातायात जाम से मिलेगी राहत।
अंचल सिंह, जम्मू। अगले कुछ दिनों में बहुप्रतिक्षित नई बस्ती फ्लाईओवर पर गाड़ियां दौड़ती नजर आएंगी। फिलहाल अस्थायी तौर पर इसे वाहनों के लिए खोलने की तैयारी की गई है ताकि फ्लाईओवर के नीचे सड़क बनाने का काम पूरा किया जा सके। इसके अलावा सतवारी और एयरपोर्ट में उतरने वाले दो रैंप अगले दो-तीन महीनों में बनकर तैयार हो जाएंगे।
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के तहत बन रहे बहुप्रतीक्षित कुंजवानी-सतवारी 4-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का जमीनी निर्माण कार्य वर्ष 2022 के अंत और 2023 की शुरुआत में औपचारिक रूप से शुरू हुआ।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के इस पैकेज-वार कारिडोर के हिस्से के अंतर्गत कुंजवानी-सतवारी भाग की अनुमानित निर्माण लागत लगभग 240 करोड़ है। यह लगभग 4 किलोमीटर लंबा, 4-लेन फ्लाईओवर मुख्य रूप से जम्मू हवाई अड्डे और जम्मू शहर की ओर जाने वाले यातायात को सुगम और निर्बाध आवाजाही प्रदान करने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है।
दो रैंप लगभग तैयार
जम्मू शहर के प्रवेश द्वार कुंजवानी से लेकर सतवारी चौक तक दो रैंप बनाए जा रहे हैं। पहला रैंप सतवारी चौक से पीछे सीपीडब्ल्यूडी कार्यालय के नजदीक उतरेगा। इससे सतवारी व आसपास रहने वाले नीचे उतर कर अपने गंतव्य की ओर जा पाएंगे। इस रैंप का एक पिल्लर ही तैयार होना बाकी जिसमें करीब दो महीने का समय लग सकता है।
वहीं दूसरा रैंप एयरफाेर्स स्टेशन व टाइगर डिवीजन के मुख्यालय के मुख्य गेट के नजदीक उतरेगा। इसके लिए सतवारी चौक में एक पिल्लर बनना शेष रह गया है। इसमें भी एक से डेढ़ महीना लग सकता है। इसके बाद हवाई अड्डे को जाने वाले सीधे इससे नए एयरपोर्ट टर्मिनल के पास पहुंच जाएंगे।
इसके अलावा बेलीचराना, रायपुर सतवारी व आसपास के क्षेत्रों और चौथे भगवती नगर पुल की ओर जाने वालों को इससे सुविधा होगा।
समाप्त होगा जाम, मिलेगी राहत
यातायात के लिए खुलते ही यह फ्लाईओवर सतवारी चौक पर लगने वाले भारी जाम को काफी हद तक समाप्त कर देगा। जम्मू शहर की ओर आने और जाने वाले वाहन सीधे इस फ्लाईओवर का उपयोग कर सकेंगे, जिससे उन्हें व्यस्त सतवारी चौराहे के सिग्नल और जाम में नहीं फंसना पड़ेगा।
इसके अलावा सतवारी में बन रहे रैंप का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कुंजवानी की ओर से आने वाले हवाई यात्री सीधे सतवारी चौक के ऊपर से गुजरते हुए जम्मू हवाई अड्डे के नए टर्मिनल गेट की ओर बढ़ सकेंगे। इससे एयरपोर्ट रूट पर वाहनों का टकराव पूरी तरह खत्म होगा और यात्रियों को बिना किसी रुकावट के तेज व सुरक्षित कनेक्टिविटी मिलेगी।
जम्मू तक एक्सप्रेस-वे के तीन पैकेज
पंजाब के बालसुआ से लेकर जम्मू तक एक्सप्रेस-वे को तीन पैकेज में बांटा गया है। इनमें पैकेज-14 में बालसुआ से हीरानगर तक का 44.60 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे है। इसकी कुल लागत 3044.02 करोड़ (सिविल लागत 1870 करोड़) है। पैकेज-15 में कठुआ के हीरानगर से सांबा के रायामोड़ तक 35.15 किलोमीटर और पैकेज-16 में रायामोड़ से जम्मू के कुंजवानी, जम्मू एयरपोर्ट स्पर सहित का करीब 20.38 किलोमीटर एक्सप्रेस-वे शामिल है।
हीरानगर-रायामोड़ प्रोजेक्ट की कुल लागत 2714.95 करोड़ (सिविल लागत 1870 करोड़) है। वहीं रायामोड़ (सांबा) से कुंजवानी (जम्मू) - जम्मू एयरपोर्ट स्पर सहित प्रोजेक्ट की कुल लागत 1917.32 करोड़ (सिविल लागत 1765 करोड़) है। इसका काम 27 सितंबर 2022 को शुरू हुआ था।
क्या कहते हैं अधिकारी
नेशनल हाईवे अथारिटी जम्मू के मैनेजर राकेश कुमार ने बताया कि कुंजवानी-सतवारी फ्लाईओवर को अस्थायी तौर पर खोला जा सकता है क्योंकि दुकानें हटाकर फ्लाईओवर के नीचे सड़क को बनाने का काम किया जाना है। दो रैंप बन रहे हैं। एक-एक टियर शेष है। जिन्हें दो महीनों में पूरा कर लिया जाएगा।
