जम्मू: सांबा में डेंगू से दूसरी मौत का दावा, 35 वर्षीय महिला ने AIIMS में तोड़ा दम; इलाके में दहशत
सांबा में डेंगू से दूसरी मौत दर्ज की गई है, जिसमें चक मंगा की ज्योति देवी की जान चली गई, ...और पढ़ें

सांबा में अब तक 163 मामले आए सामने। (फाइल फोटो)
HighLights
सांबा में डेंगू से चक मंगा की ज्योति देवी की मौत।
स्वास्थ्य विभाग ने दूसरी मौत की जानकारी होने से इनकार किया।
जिले में कुल 163 डेंगू मामले; प्रशासन पर लापरवाही का आरोप।
निश्चंत सिंह संब्याल, सांबा। सांबा के चक मंगा में डेंगू से एक महिला की मौत हुई है, जिसके बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। वहीं इस मौत की पुष्टि स्वास्थय विभाग सांबा नहीं कर रहा है। वहीं इस महिला की मौत के बाद ज़िले में दूसरी मौत का मामला हो गया है। मृतक महिला की पहचान 35 वर्षीय ज्योति देवी निवासी चक मंगा सांबा के रूप में हुई है।
इस मौत के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ और लोगों में विभाग के प्रति काफी रोष है। उनका कहना है कि मोहल्ले में किसी के भी स्वास्थ्य की जांच नहीं हुई है और न ही स्वास्थ्य विभाग हमारी कोई सुध लेने आया है। 9 अक्टूबर को ज्योति देवी बुखार की शिकायत के बाद जिला अस्पताल दिखाने के लिए गई थी, उसी दिन डेंगू की जांच होने के बाद बेहतर उपचार के लिए एम्स में रेफर कर दिया गया। जहां पर उपचार के दौरान 11 अक्टूबर को एम्स में मौत हो गई।
पूरे इलाके में दहशत का माहौल
इसकी खबर क्षेत्र में पहुंचते ही सब सन्न रह गए और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया, क्योंकि इससे कुछ दिन पूर्व ही साथ ही केहली मंडी में कुलदीप सिंह की मौत हुई थी। लोग अभी तक इस दहशत से बाहर नहीं निकले थे कि इतने में एक और डेंगू से मौत की खबर आ गई। वहीं इस मौत के बाद स्वास्थय विभाग से संपर्क किया गया तो उनका साफ़ कहना था कि हमारे पास इसकी कोई जानकारी नहीं आई है।
सांबा में डेंगू के कुल 163 मामले
सांबा जिला स्वास्थय अधिकारी डॉ अंजू बाला ने बताया कि सांबा ज़िले में डेंगू के कुल 163 मामले आए है और अधिकतर लोग स्वस्थ होकर अपने घरों को चले गए हैं, सांबा की केहली मंडी के कुलदीप सिंह की मौत डेंगू से हुई है, हमारी टीम जगह जगह जाकर जागरूकता शिविर, दवाई का छिड़काव, लोगों की जांच कर रही है।
बुखार होने पर तुरंत जांच कराएं
इससे पूर्व सांबा में डेंगू के अधिक मामले आने के बाद तीन डेंगू हॉटस्पॉट बनाए गए थे। हमारे पास दूसरी मौत की कोई जानकारी नहीं आई है, लोगों को इसके प्रति अधिक जागरूक रहने की आवश्यकता है। खाली बर्तनों में पानी जमा न होने दें, गमले, कूलर समेत अन्य जगहों पर भी पानी न जमा होने दें, बुखार होने पर तुरंत इसकी जांच नज़दीकी अस्पताल में कराएं।
