विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाबाश रुद्राक्ष! जम्मू का जिम्नास्टिक स्टार अब फिलीपींस में दहाड़ेगा, 10वीं एशियन एरोबिक चैंपियनशिप में दिखाएगा दम

By Vikas Abrol Edited By: Rahul Sharma
Published: Mon, 03 Aug 2026 12:05 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के रुद्राक्ष खन्ना को फिलीपींस में होने वाली 10वीं एशियन एरोबिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है।

रुद्राक्ष खन्ना एशियन एरोबिक जिम्नास्टिक में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व।

रुद्राक्ष खन्ना एशियन एरोबिक जिम्नास्टिक में भारत का करेंगे प्रतिनिधित्व

HighLights

  1. रुद्राक्ष खन्ना एशियन एरोबिक जिम्नास्टिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

  2. प्रतियोगिता फिलीपींस के मनीला में 5 से 7 अगस्त को होगी।

  3. IREDA ने रुद्राक्ष के अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन का पूरा खर्च उठाया है।

जागरण संवाददाता, जम्मू। केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उभरते जिम्नास्टिक सितारे और राज्य पुरस्कार विजेता रुद्राक्ष खन्ना ने अपने खेल सफर में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ लिया है। उन्हें फिलीपींस की राजधानी मनीला में 5 से 7 अगस्त तक आयोजित होने वाली 10वीं एशियन एरोबिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है।

 इस प्रतिभाशाली खिलाड़ी के लिए एक और बड़ी उपलब्धि यह है कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने का पूरा खर्च भारतीय नवीकरणीय ऊर्जा विकास एजेंसी लिमिटेड (IREDA) ने उठाया है। आइआरईडीए ने लगातार उनके अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनों का समर्थन किया है, जिससे उन्हें दुनिया के सर्वश्रेष्ठ जिम्नास्टों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिला है।

 रुद्राक्ष ने जम्मू-कश्मीर खेल परिषद के रिटायर्ड जिम्नास्टिक कोच एसपी सिंह से ट्रेनिंग ली है। उन्होंनेपिछले महीने मणिपुर में हुए राष्ट्रीय चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने भारतीय जिम्नास्टिक फेडरेशन की तकनीकी और चयन समिति की ओर से तय क्वालीफाइंग स्कोर हासिल कर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।

छठी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे

रुद्राक्ष अब छठी बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उनकी कई साल की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का नतीजा है। उनकी इस कामयाबी से जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन हुआ है और वे प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी प्रेरणा बन गए हैं।

रुद्राक्ष बोले- सपने के सच होने जैसा

जिम्नास्ट रुद्राक्ष ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि मुझे एक बार फिर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया है। यह एक सपने के सच होने जैसा है और बेहद गर्व की बात है। मैं जम्मू-कश्मीर खेल परिषद की सचिव नुजहत गुल, जम्मू-कश्मीर जिम्नास्टिक एसोसिएशन और अपने कोच एसपी सिंह के निरंतर मार्गदर्शन, प्रेरणा और अटूट समर्थन की वजह से ही आज इस मुकाम पर पहुंचा है। इन सभी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेरी भागीदारी के लिए काफी सहयोग किया है जिसके लिए मैं सभी का आभारी रहूंगा, विशेषकर प्रायोजन के लिए आइआरईडीए के प्रति भी हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। मैं अब मनीला में आयोजित होने वाली एशियन एरोबिक जिम्नास्टिक प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करूंगा और भारत और जम्मू-कश्मीर को गौरवान्वित करने का प्रयास करूंगा।