विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैसे चले घर? महंगाई से कराह रहा आम आदमी, जम्मू के आरएसपुरा में सड़कों पर उतरे लोग, सरकार से मांगी राहत

Published: Wed, 26 Aug 2026 04:27 PM (IST)

आरएसपुरा में समाज सेवक रमेश चौधरी की अध्यक्षता में लोगों ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ...और पढ़ें

महंगाई से त्रस्त आरएसपुरा के लोग।

महंगाई से त्रस्त आरएसपुरा के लोग

HighLights

  1. आरएसपुरा में बढ़ती महंगाई के खिलाफ लोगों का जोरदार प्रदर्शन।

  2. समाज सेवक रमेश चौधरी ने सरकार से राहत की मांग की।

  3. आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर तत्काल अंकुश लगाने की अपील।

जागरण संवाददाता, आरएसपुरा: लगातार बढ़ती महंगाई के खिलाफ बुधवार को आरएसपुरा के महात्मा गांधी पार्क में कस्बे के लोगों ने समाज सेवक रमेश चौधरी की अध्यक्षता में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तत्काल अंकुश लगाने और आम जनता को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कहा कि महंगाई लगातार आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित कर रही है। खाद्य पदार्थों, सब्जियों, घरेलू जरूरत के सामान सहित रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली वस्तुओं के दाम बढ़ने से परिवारों का मासिक बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।

विशेषकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आमदनी के मुकाबले खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, बिजली-पानी, राशन और अन्य आवश्यक खर्चों के बाद परिवारों के पास बचत के लिए कुछ नहीं रह जाता। महंगाई का सीधा असर लोगों की जीवनशैली और दैनिक जरूरतों पर पड़ रहा है।

महंगाई अब आम आदमी के लिए सबसे बड़ी चिंता 

रमेश चौधरी ने कहा कि महंगाई अब आम आदमी के लिए सबसे बड़ी चिंता बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। सरकार को केवल महंगाई बढ़ने के कारणों पर चर्चा करने के बजाय इसे नियंत्रित करने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोगों की आय सीमित है, लेकिन घर का खर्च लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में आम परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।

सरकार से तत्काल राहत देने की मांग

उन्होंने सरकार से मांग की कि आवश्यक खाद्य वस्तुओं और रोजमर्रा के सामान की कीमतों की नियमित निगरानी की जाए तथा जमाखोरी और कालाबाजारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए। साथ ही आम जनता को आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध करवाने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि महंगाई पर जल्द नियंत्रण नहीं पाया गया तो इसका असर समाज के कमजोर वर्गों पर और अधिक पड़ेगा। उन्होंने सरकार से आम जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत देने की मांग की।