जम्मू: आंधी-बारिश से धान की फसल बिछी, आरएसपुरा में किसानों को भारी नुकसान की आशंका; दाने खराब होने का भी डर
आरएसपुरा में बुधवार को हुई तेज आंधी और बारिश से धान की फसल खेतों में गिर गई है। इससे किसान ...और पढ़ें

खेतों में धान की फसल बारिश के कारण जगह-जगह जमीन पर गिरी।
HighLights
तेज आंधी और बारिश से धान की फसल खेतों में गिरी।
किसान उत्पादन और दाने खराब होने को लेकर चिंतित।
कृषि विशेषज्ञों ने कटाई में परेशानी और नमी का खतरा बताया।
जागरण संवाददाता, आरएसपुरा। बुधवार सुबह हुई तेज बारिश और आंधी ने आरएसपुरा क्षेत्र के किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी धान की फसल तेज हवाओं और बारिश के कारण जगह-जगह जमीन पर गिर गई। किसानों को अब उत्पादन प्रभावित होने और दाने खराब होने का डर सताने लगा है।
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में आने वाले दिनों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। किसानों को धान की फसल और तैयार उपज को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, धान की फसल का इस तरह गिरना कटाई में परेशानी बढ़ाता है। खेत में नमी अधिक रहने पर गिरी हुई बालियों में दाने खराब होने या अंकुरित होने का खतरा भी बढ़ जाता है।
फसल का गिरना किसानों के लिए चिंता का विषय
पूर्व कृषि अधिकारी रीज कुमार ने कहा कि भारी बारिश और तेज हवा के कारण धान की फसल का गिरना किसानों के लिए चिंता का विषय है। यदि फसल लंबे समय तक जमीन पर पड़ी रहती है और खेतों में नमी या पानी जमा रहता है, तो दाने की गुणवत्ता और उत्पादन पर असर पड़ सकता है।
धान की कटाई से पहले बारिश ने बिगाड़ा किसानों का हिसाब
किसान सुरजीत सिंह ने कहा कि धान की फसल तैयार होने के करीब है, लेकिन बुधवार की बारिश और आंधी ने काफी फसल को जमीन पर गिरा दिया है।
किसान तारा चंद ने कहा कि पहले ही मौसम को लेकर चिंतित थे, अब तेज हवा के साथ हुई बारिश ने परेशानी बढ़ा दी है। किसानों ने प्रशासन और कृषि विभाग से प्रभावित खेतों का जायजा लेने की मांग की है।
