चालकों को धोखे से लूटने वाले गिरोह का सदस्य पकड़ा
सड़कों पर तेल फेंक कर चालकों को लूटने वाला एक पकड़ा गया।
-- दिसंबर माह में गिरोह के सदस्यों ने गांधी नगर में दिया था वारदात को अंजाम जागरण संवाददाता, जम्मू : सड़क पर दौड़ रहे वाहनों पर तेल फेंक कर उनके चालकों को लूटने वाले गिरोह के एक सदस्य को गांधी नगर पुलिस ने शहर की क्रिश्चियन कालोनी से दबोच लिया। पकड़ा गया युवक नशे का आदी है। अपनी इस लत को पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह के अन्य सदस्यों की धर पकड़ के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है।
गत वर्ष 9-10 दिसंबर की रात को दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने गांधी नगर इलाके में एक साथ तीन वारदातों को अंजाम दिया था। गिरोह के सदस्य सड़क पर दौड़ रहे वाहनों के पीछे तेल फेंक देते थे। इसके बाद मोटरसाइकिल सवार गिरोह के दो सदस्य वाहन मालिक को जानकारी देते थे कि उसके वाहन का तेल लीक हो रहा है। चालक जैसे ही वाहन को रोक कर लीक हो रहे तेल को देखने के लिए जाता था तो गिरोह के दो अन्य सदस्य पहले से ही चालक का इंतजार कर रहे होते थे। चालक को तेजधार हथियार दिखा कर गिरोह के सदस्य उससे नकदी व कीमती सामान को छीन लेते थे। गिरोह के सदस्यों ने एक रात में तीन वारदातों को अंजाम दिया था, हालांकि इस दौरान वे वाहन चालकों को लूटने में कामयाब नहीं हो पाए थे। लूट की इन वारदातों से जम्मू पुलिस भी हैरान रह गई थी। पुलिस ने तक एडवाजरी जारी कर वाहन चालकों को इस प्रकार के गिरोह से बचने के लिए कहा था। अब इस गिरोह के सदस्य के एक सदस्य के पकड़े जाने के बाद पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली है। गिरोह के फरार साथियों की तलाश में रात भर छापे मारी जारी रही।