यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लद्दाख में बिछेगा सड़कों का जाल, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनेंगी 500 किलोमीटर लंबी सड़कें
केंद्रीय मंत्री ने लद्दाख में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा की। लद्दाख ...और पढ़ें

जम्मू, राज्य ब्यूरो। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना- 3 के तहत केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में 500 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण करने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यह जानकारी केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने बैठक में दी।
केंद्रीय मंत्री ने लद्दाख में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की प्रगति की समीक्षा की। लद्दाख के 5 अगस्त 2019 को केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद 195 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण किया गया है। गांवों में सड़क संपर्क साधने व तारकोल बिछाने का काम किया जा रहा है। इस पर 149 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं और अतिरिक्त 50 करोड़ को केंद्र ने मंजूरी दी है।
लोक निर्माण विभाग के संयुक्त सचिव अजीत कुमार साहू ने कहा कि लद्दाख में अधिकतर बस्तियों को सड़कों के साथ जोड़ने का काम पूरा किया जा रहा है। केंद्र ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-3 को लांच किया है जिससे हम ग्रामीण सड़कों का संपर्क मजबूत करेंगे। इस दौरान कृषि मार्केट, हाई सेकेंडरी स्कूलों और अस्पतालों को भी सड़कों के साथ जोड़ा जाएगा। साहू ने मंत्री को बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत डीपीआर 425 किलोमीटर सड़क नेटवर्क का भेजा गया जिस पर 500 करोड़ के अनुमानित लागत आएगी।
डीपीआर टेक्निकल एजेंसी को भेजी जा चुका है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि डीपीआर को मंजूरी दी जाए क्योंकि लद्दाख में काम करने का समय कम होता है। अधिकारियों ने बताया कि 84 किलोमीटर सड़क के निर्माण के लिए नवीनीकरण हरि तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है जिसमें नैनोटेक्नोलॉजी, सीमेंट स्थिरता और वेस्ट प्लास्टिक शामिल है।
