Jammu Kashmir Coronavirus Alert: अनलॉकडाउन-5 में लखनपुर में जारी रहेंगी पाबंदियां, रैपिड टेस्ट जारी रहेंगे
श्रद्धालुओं की संख्या श्री माता वैष्णो देवी श्राईन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तय करेंगे। टेस्ट करने की संख्या को बढ़ाया गया है। नौ सितंबर से लेकर नौ अक्टूबर तक ही आठ लाख टेस्ट किए गए हैं। रोजाना औसतन 20-22 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं।
जम्मू, राज्य ब्यूरो: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में अनलॉकडाउन -5 के दौरान भी प्रवेश द्वार लखनपुर में पाबंदियां जारी रहेगी। बाहर से आने वाले या जम्मू कश्मीर से बाहर जाकर वापिस लौटने वालों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए जाने की प्रक्रिया जारी रहेगी। पंजाब या अन्य जम्मू कश्मीर के बाहर इलाज के लिए या अन्य कार्यों के लिए जाने पर अब अनुमति पत्र नहीं बनवाना होगा। जम्मू कश्मीर में अब कोई रेड जोन वाला जिला नहीं रह गया है।
यह जानकारी आपदा प्रबंध, राहत, पुनर्वास, पुर्निर्माण विभाग की राज्य कार्यकारी समिति के सदस्य सचिव सिमरनदीप सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए दी। उन्होंने कहा कि पूरे जम्मू कश्मीर के नगर निगम क्षेत्रों में दुकानें खुलने का समय सुबह नौ बजे से रात नौ बजे कर दिया गया है। पहले यह समय शाम सात बजे तक का था। स्कूल, कालेज और शिक्षण संस्थान 31 अक्टूबर तक बंद रहेंगे। श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा के लिए रोजाना सात हजार यात्रियों को दर्शन की अनुमति दी गई है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को श्री माता वैष्णो देवी श्राईन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी तय करेंगे। उन्होंने कहा कि टेस्ट करने की संख्या को बढ़ाया गया है। नौ सितंबर से लेकर नौ अक्टूबर तक ही आठ लाख टेस्ट किए गए हैं। रोजाना ही औसतन 20-22 हजार टेस्ट किए जा रहे हैं।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए कोई वैक्सीन नहीं आई है। प्रशासन हड़बड़ी में कोई कदम नहीं उठाना चाहता है। रैपिड टेस्ट के नतीजे पूरी तरह से सही न होने संबंधी पूछे गए प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि यह सही है कि कभी कभार परिणाम शत प्रतिशत ठीक नहीं हाेते है लेकिन इसके सिवाए कोई चारा नहीं है। हम इसे छोड़ भी नहीं सकते। हमें हर हालत में कोरोना की रोकथाम के लिए कदम उठाने है।