Lakhanpur Toll Plaza: लखनपुर पर हंगामे व मारपीट के बाद धारा-144 लागू, सुरक्षाकर्मी तैनात
Kathua जिला प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने के लिए कहा है। यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि लोग कहीं एकत्र होते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कठुआ, जेएनएन। जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में टोल प्लाजा पर देर रात हुए हंगामे में करीब चार स्थानीय लोग घायल हो गए। टोल प्लाजा कर्मचारियों व लोगों के बीच टोल टैक्स भुगतान को लेकर विवाद हो गया और बातचीत मारपीट पर पहुंच गई। इस घटना में चार लोग घायल हाे गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि जिले में शांति बहाली के लिए डीसी कठुआ के आदेश पर दो पुलिस स्टेशनों यानी लखनपुर और कठुआ में धारा 144 लागू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने लोगों से घरों में ही रहने के लिए कहा है। यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि लोग कहीं एकत्र होते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना गत सोमवार देर रात पेश आई। स्थानीय लोगाें का कहना है कि लखनपुर टोल प्लाजा पर टोल कर्मी द्वारा एक स्थानीय व्यक्ति से टोल वसूली को लेकर बहस हो गई। बात मारपीट तक पहुंच गई। टोल कर्मियों से हुई मारपीट में एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जब यह बात इलाके में फैली तो टोल प्लाजा पर स्थानीय लोग इकट़्ठा हो गए और हंगामा कर दिया है। स्थानीय युवक को मारने पर भड़के इन लोगों ने टोल प्लाजा पर तोड़फोड़ शुरू कर दी। प्रदर्शन भी हुआ। इस टकराव में तीन और लोग घायल हो गए।
वहीं जिला मजिस्ट्रेट, कठुआ ओपी भगत ने बताया कि रात को टोल प्लाजा पर हुए विवाद में करीब चार स्थानीय युवाओं को चोटें आई हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत बेहतर है। इस विवाद के बाद टोल प्लाजा पर आज धरना-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए जिले के दो पुलिस स्टेशनों यानी लखनपुर और कठुआ में धारा 144 लागू की गई है। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पुलिस की तैनाती भी की गई है। फिलहाल स्थिति नियंत्रित है।
आपको जानकारी हो कि टोल प्लाजा खुलने के बाद से ही लखनपुर में स्थिति तनावपूर्ण है। स्थानीय लोग, राजनीतिक व सामाजिक संगठन प्रशासन से टोल बंद करने की मांग कर रहे हैं। इस मांग को स्थानीय युवाओं, सिविल सोसायटी के सदस्यों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों ने संयुक्त मंच ऑल पार्टी टोल प्लाजा एक्शन कमेटी गठित कर इसके खिलाफ अभियान भी शुरू कर रखा है। गत दिनों स्थानीय लोगों के समर्थन से जिले में एक हस्ताक्षर अभियान का आयोजन भी किया गया था।