बाबा अमरनाथ यात्रा का बनेगा रिकॉर्ड, यात्रा के 24वें दिन तीन लाख का आंकड़ा पार करेंगे भक्त
बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए भक्तों में जबरदस्त उत्साह बरकरार है। तीन वर्ष पूर्व की यात्रा का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद अब यात्रा साढ़े तीन लाख का रिकॉर्ड तोड़ने की ओर बढ़ रही है
जम्मू, राज्य ब्यूरो। बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए भक्तों में जबरदस्त उत्साह बरकरार है। तीन वर्ष पूर्व की यात्रा का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद अब यात्रा साढ़े तीन लाख का रिकॉर्ड तोड़ने की ओर बढ़ रही है। रोजाना हजारों श्रद्धालु बाबा अमरनाथ की पवित्र गुफा के दर्शन करने के लिए उमड़ रहे हैं।
मंगलवार को यात्रा के 23वें दिन 8,659 श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इसके साथ 23 दिन में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2,94,040 पहुंच गई है। बुधवार का यात्रा तीन लाख का आंकड़ा पार कर सकती है, जो 24 दिन की यात्रा में रिकार्ड बनेगा। वर्ष 2017 में 24 दिन की यात्रा में 2,40,249 जबकि वर्ष 2018 में 24 दिन में 2,30,000 के करीब श्रद्धालु पवित्र गुफा पहुंचे थे।
वर्ष 2015 में 59 दिन तक चली यात्रा के दौरान 3.52 लाख श्रद्धालुओं पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन किए थे। इस वर्ष एक जुलाई से शुरू हुई बाबा अमरनाथ यात्रा ने 22वें दिन सोमवार को 2.85 लाख का आंकड़ा पार कर बीते वर्ष का रिकार्ड तोड़ा था। वर्ष 2018 में 60 दिन तक चली यात्रा में 2.85 लाख, वर्ष 2017 में 40 दिन की यात्रा में 2.60 लाख श्रद्धालुओं, जबकि 2016 में 48 दिन तक चली यात्रा में 2.20 लाख शिवभक्तों ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। वर्ष 2011 में 45 दिन तक चली यात्रा दौरान 6.36 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे, जो रिकॉर्ड अभी तक नहीं टूट पाया है।
उधर, बाबा अमरनाथ यात्रा के आधार शिविर यात्री निवास भगवती नगर जम्मू से मंगलवार सुबह 3,060 शिवभक्तों का जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए रवाना हुआ। बालटाल मार्ग से 1109 श्रद्धालु रवाना हुए। इनमें 701 पुरुष, 405 महिलाएं और तीन बच्चे भी शामिल हैं। पहलगाम रूट से 1,951 श्रद्धालु रवाना हुए, जिनमें 1404 पुरुष, 403 महिलाएं, दो बच्चे और 142 साधु शामिल हैं। यात्री निवास भगवती नगर में पंजीकरण करवाने के बाद अब तक 102465 श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। अधिकतर श्रद्धालु यात्री निवास भगवती नगर से जाने वाले जत्थे में शामिल होने के बजाए सीधे पहलगाम और बालटाल पहुंच जाते हैं, जहां से आगे की यात्रा कर रहे हैं।