Inter College Badminton : मेजबान मायर काॅलेज आॅफ एजूकेशन के रवि सिंगल बैडमिंटन वर्ग के चैंपियन बने
मेजबान मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन के रवि ने इंटर कॉलेज बैडमिंटन प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों के सिंगल वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
जम्मू, जागरण संवाददाता । मेजबान मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन के रवि ने इंटर कॉलेज बैडमिंटन प्रतियोगिता में दमदार प्रदर्शन करते हुए लड़कों के सिंगल वर्ग में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
मॉडल एकेडमी स्कूल परिसर में प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मायर कॉलेज ऑफ एजूकेशन की वाइस चेयरपर्सन डॉ रेणु गुप्ता ने किया जबकि मॉयर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अदित गुप्ता, डाॅ मूलराज शर्मा और डॉ रोणिका शर्मा भी मौजूद थी। डाॅ रेणु गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और उम्मीद जताई कि वे खेलभावना से प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि चहुंमुखी विकास के लिए खेलों में भाग लेना बहुत जरूरी है। प्रतियोगिता में मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन, डोगरा कॉलेज ऑफ एजूकेशन, शिवालिक कॉलेज ऑफ एजूकेशन, चिनाब कॉलेज ऑफ एजूकेशन, डोगरा लॉ कॉलेज और डोगरा डिग्री कॉलेज के खिलाड़ियों ने लड़कों एवं लड़कियों के सिंगल व डबल वर्ग में भाग लिया।
लड़कों के सिंगल वर्ग में मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन के रवि ने पहला स्थान हासिल किया। डोगरा कॉलेज के आलोक यादव ने दूसरा और डोगरा लॉ कॉलेज के अनुथम ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों के डबल वर्ग में डोगरा डिग्री कॉलेज के निशात व लक्ष्यदीप की जोड़ी ने बाजी मारी। डोगरा लॉ कॉलेज के कीर्तिवम और अंश ने दूसरा और मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन के वीरेन्द्र व विजय की जोड़ी ने तीसरा स्थान पाया।
लड़कियों के सिंगल वर्ग में डोगरा लॉ कॉलेज के अदितिदीप सिंह पहले, डोगरा कॉलेज ऑफ एजूकेशन की भारती दूसरे और मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन की ऋतिका तीसरे स्थान पर रही। लड़कियों के डबल वर्ग में डोगरा कॉलेज ऑफ एजूकेशन की तान्या और प्रिया की जोड़ी पहले, डोगरा लॉ कॉलेज की तानिया व जानवी दूसरे और मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन की दीपी जम्वाल व सोनल गुप्ता तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता मॉयर कॉलेज ऑफ एजूकेशन की खेल प्रभारी उषा चुन्नी की देखरेख में हुई। प्रतियोगिता में कुलदीप सिंह, निशा, दीपक, इमरान, दानिश, रूचिका कपूर खेल अधिकारियों के रूप में मौजूद थी।