विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रणजी ट्रॉफी: बारिश ने बचाई जम्मू-कश्मीर की लाज, 88 रन पर 7 विकेट गिरे; मध्य प्रदेश से मुकाबला ड्रॉ

Published: Wed, 14 Oct 2026 07:12 PM (IST)

Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश के बीच रणजी ट्रॉफी का मुकाबला वर्षा के कारण ड्रॉ रहा, जिससे जम्मू-कश्मीर को ...और पढ़ें

रणजी ट्रॉफी में खिताब बचाने उतरी जम्मू-कश्मीर टीम की खराब शुरुआत । (फोटो- जागरण साहिल मीर)

रणजी ट्रॉफी में खिताब बचाने उतरी जम्मू-कश्मीर टीम की खराब शुरुआत । (फोटो- जागरण साहिल मीर)

HighLights

  1. वर्षा के कारण जम्मू-कश्मीर-मध्य प्रदेश मैच ड्रॉ हुआ।

  2. मध्य प्रदेश को पहली पारी की बढ़त से तीन अंक।

  3. जम्मू-कश्मीर की बल्लेबाजी निराशाजनक, एक अंक मिला।

जागरण संवाददाता, जम्मू। मौजूदा रणजी ट्राफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर की शुरूआत इस सीजन के रणजी ट्राफी के पहले ही मुकाबले में बेहद ही निराशाजनक तरीके से हुई है। मध्य प्रदेश के विरुद्ध पहले ही मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम की बल्लेबाजी उसके अपने ही घरेलू मैदान में धराशायी होकर रह गई। भले ही वर्षा ने जम्मू-कश्मीर को हार से बचा लिया और दोनों टीमों के बीच चार दिवसीय रणजी ट्राफी मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजी खेमे की पोल पूरी तरह से खोलकर रख दी है।

मध्य प्रदेश की टीम पहली पारी में मिली बढ़त के कारण तीन अंक हासिल करने में सफल रही जबकि जम्मू-कश्मीर की टीम को एक अंक मिला है। रणजी ट्राफी के एलीट ग्रुप ए के पहले मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम के गेंदबाज तो अपना दमखम दिखाने में सफल रहे, लेकिन बल्लेबाजों ने जिस तरह से अपनी बल्लेबाजी से निराश किया है उससे ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस बार जम्मू-कश्मीर को मौजूदा रणजी खिताब से हाथ धोना पड़ सकता है।

अब जम्मू-कश्मीर का 28 अक्टूबर को रणजी ट्राफी के दूसरे मुकाबले में श्रीनगर के अपने ही घरेलू मैदान में विदर्भ की टीम से सामना होगा। विदर्भ की टीम अपना पहला मुकाबला पुडुचेरी से 160 रनों से जीतकर छह अंक हासिल कर चुकी है।

88 रन पर लड़खड़ाई जम्मू-कश्मीर की टीम

श्रीनगर के शेर ए कश्मीर स्टेडियम में आज अंतिम दिन मध्य प्रदेश की टीम ने दूसरी पारी की शुरूआत 62 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 151 रन से आगे शुरू की और 80 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा करते हुए जम्मू-कश्मीर को 325 रन का विशाल लक्ष्य दिया। जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम ने दूसरी पारी में 34 ओवर में मात्र 88 रन बनाकर सात विकेट गंवा लिए।

जम्मू-कश्मीर की पारी के दौरान दो बार मुकाबले को रोकना पड़ा। पहले दोपहर 2.40 बजे जिस समय जम्मू-कश्मीर की टीम ने 21 ओवर में पांच विकेट गंवाकर 50 रन बना थे, उस समय खराब रोशनी से मुकाबले को आधे घंटे के लिए रोक दिया गया।

उसके बाद जब 3.10 बजे मुकाबला शुरू हुआ तो टीम ने अभी 34 ओवर में 88 रन बनाए ही थे कि अचानक वर्षा शुरू हो गई और उसने मेजबान जम्मू-कश्मीर को हार से बचा लिया।

कप्तान शुभम शर्मा ने जड़ा नाबाद शतक

इससे पहले सुबह मध्य प्रदेश की ओर से कप्तान शुभम शर्मा ने कप्तानी पारी खेली और 200 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 106 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि सारांश जैन ने भी 35 रनों का योगदान दिया। अर्थव महाजन ने टीम के लिए महत्वपूर्ण 34 रन बनाए।

जम्मू-कश्मीर की ओर से दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए आकिब नबी ने तीन विकेट चटकाए जबकि सुनील कुमार को दो और रोहित शर्मा को एक विकेट हासिल हुई है।

जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी भी निराशाजनक

जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी भी पहली पारी की तरह ही निराशाजनक रही। बल्लेबाजों ने काफी निराश किया। प्रदेश के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शुभम खजुरिया दूसरी पारी में भी बिना कोई खाता खोले पवेलियन लौटा दिए गए। इससे पहले शुभम खजुरिया पहली पारी में भी खाता खोलने में असफल रहे थे।

हरफनमौला खिलाड़ी अब्दुल समद को भी मध्य प्रदेश के गेंदबाजों ने बिना कोई खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखाया। विकेटकीपर कन्हैया वधावन 27 रन बनाकर नाबाद रहे। कन्हैया मध्य प्रदेश के कप्तान शुभम शर्मा की अंदर आती गेंद को समझ नहीं सके और गेंद सीधे उनके दाहिने हाथ के अंगूठे पर जा लगी। इससे उन्हें चोटिल होकर पवेलियन लौटना पड़ा।

जम्मू-कश्मीर की ओर से कन्हैया के उपरांत लोन नासिर दो आंकड़ा छूने में सफल रहे। लोन ने 54 गेंदों का सामना करते हुए 13 रन बनाए। मध्य प्रदेश की ओर से आवेश खान व आर्यन पांडेय ने तीन-तीन विकेट चटकाए जबकि रवि किरण भी एक विकेट हासिल करने में सफल रहे।

जम्मू-कश्मीर की पहली पारी 120 रन पर सिमटी

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश की टीम ने पहली पारी में 196 रन बनाए थे जबकि जवाब में जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम पहली पारी में 120 रन पर ही सिमटकर रह गई थी। मध्य प्रदेश की टीम ने पहली पारी में मिली 76 रन की बढ़त से आगे बल्लेबाजी करना शुरू की और दूसरी पारी में छह विकेट के नुकसान पर 249 रन बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा की।