डॉ. मनमोहन सिंह ही नहीं राजनाथ सिंह भी आएंगे जम्मू
राजनाथ सिंह 9 और 10 सितंबर को कश्मीर दौरे के बाद दो दिन जम्मू में बिताएंगे।
जम्मू, [राज्य ब्यूरो]। अब लोगों की आकांक्षाओं को जानने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ही नहीं बल्कि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी जम्मू आएंगे। केंद्रीय गृहमंत्री राज्य के दौरे को कश्मीर तक ही सीमित न रखते हुए जम्मू को भी इसमें शामिल किया है।
राजनाथ सिंह 9 और 10 सितंबर को कश्मीर दौरे के बाद दो दिन जम्मू में बिताएंगे। इस दौरान जम्मू के गेस्ट हाउस में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से भेंट करेंगे। डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में आने वाले कांग्रेस के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी लोगों से भेंट करेगा। ऐसे में 11 सितंबर को जम्मू में डॉ. मनमोहन सिंह के साथ केंद्रीय गृहमंत्री की मौजूदगी जम्मू में लोगों की नब्ज टटोलने के कांग्रेस के अभियान को काउंटर करेगा। दोनों दिग्गज उस समय राज्य दौरे पर आ रहे हैं, जब नागरिकों के विशेषाधिकार संबंधी 35ए के मुद्दे पर राजनीति जारी है।
कश्मीर केंद्रित पार्टियां इसे बनाए रखने की मांग कर रही हैं तो जम्मू केंद्रित कुछ पार्टियां इसे हटाने की पैरवी कर रही हैं। उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री के दौरे में बदलाव का संदेश प्रदेश भाजपा को मिलने के बाद पार्टी स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने पार्टी नेताओं को निर्देश दिए हैं कि जम्मू में होने वाली राजनाथ सिंह की बैठकों की व्यवस्था की जाए।
अगले दो दिन पार्टी नेताओं की यह जिम्मेदारी होगी कि वे उन प्रतिनिधिमंडलों का ब्यौरा जुटाएं, जो अपने मुद्दों को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री से मिलना चाहते हैं। ऐसे में गृहमंत्री से पश्चिम पाकिस्तान और गुलाम कश्मीर के रिफ्यूजियों और कश्मीरी पंडितों के मसले भी उजागर होंगे।
यह भी पढ़ेंः 25 मिनट मंडराने के बाद भी हाजियों को लेकर नहीं उतरा विमान