जम्मू कश्मीर में विलय दिवस की शान बढ़ाने आ सकते हैं राजनाथ सिंह
जम्मू कश्मीर के विलय दिवस की शान बढ़ाने के लिए 26 अक्टूबर को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जम्मू आ सकते हैं।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : जम्मू कश्मीर के विलय दिवस की शान बढ़ाने के लिए 26 अक्टूबर को केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह जम्मू आ सकते हैं। प्रदेश के इतिहास में पहली बार विलय दिवस पर छुट्टी हो रही है, ऐसे में इस बार प्रदेश भाजपा ने इस दिन को पंद्रह अगस्त की तरह मनाकर इसे यादगार बनाने की तैयारी की है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में देश में जम्मू कश्मीर के 73वें विलय दिवस के कार्यक्रमों को यादगार बनाने के लिए रणनीति बनाई गई। जिलों में मंडल स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन करने के साथ शहरों, कस्बों के चौक-चौराहों व अहम स्थलों को रोशन किया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम जम्मू में होगा। इस दौरान रैलियों के साथ वर्चुअल रैलियां भी होंगी। यह भी तय किया गया कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 व 35ए हटाने से आए बदलाव का संदेश देशवासियों को दिया जाएगा। बैठक में रैना ने कहा कि हर भाजपा कार्यकर्ता विलय दिवस को पंद्रह अगस्त की तरह मनाए। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे अपने घरों में तिरंगे लहराएं।
वहीं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने भी कहा कि जम्मू कश्मीर के लोग इस दिन को यादगार बनाकर देश विरोधी तत्वों के मंसूबों को नाकाम बनाएं। संगठन महामंत्री अशोक कौल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि विलय दिवस के साथ पंडित प्रेमनाथ डोगरा की जयंती भी लोगों के बीच जाकर मनाएं।
भाजपा मुख्यालय में हुई बैठक में सांसद शमशेर सिंह मन्हास, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा, महासचिव सुनील शर्मा, विबोध गुप्ता, डॉ डीके मन्याल ने भी हिस्सा लिया।