Jammu Kashmir : गंग्याल के राजीव गांधी अस्पताल को बनाया जाए सामान्य अस्पताल : सतीश
जम्मू नगर निगम के पूर्व चेयरमैन सतीश शर्मा ने सरकार से मांग की है कि गंगयल के राजीव गांधी अस्पताल को जनरल अस्पतला बना दिया जाए।
जम्मू , जागरण संवाददाता : विश्व मे कोरोना महामारी फैली हुई है। भारत में अब हर दिन 40 हजार मामले सामने आ रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में भी इस महामारी ने अब तक हजारों लोगों को चपेट में ले लिया है। जिसके चलते गांधीनगर के सरकारी अस्पताल को कोविड अस्पताल बना दिया गया है। इस समय सरकारी अस्पतालों में काफी बोझ है। ऐसे में सरकार को गंग्याल स्थित राजीव गांधी अस्पताल को जरनल अस्पताल बनाने की मांग उठी है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जम्मू नगर निगम के पूर्व चेयरमैन सतीश शर्मा ने सरकार से मांग की है कि गंगयल के राजीव गांधी अस्पताल को जनरल अस्पतला बना दिया जाए। इसमें सभी तरह के विशेषज्ञ डाक्टर उपलब्ध करवाए जाएं। ऐसा होने से गांधीनगर व जीएमसी अस्पताल पर मरीजों का बोझ भी कम हो जाएगा। इससे कुंजवानी, गंग्याल, डिग्याना, ग्रेटर कैलाश, सैनिक कालोनी, बंधुरख, बावलेयाना, दड़प, अपना विहार समेत कई इलाकों के हजारों लोगों फायदा होगा।
कोविड 19 के चलते आम जनता को मिलेगी राहत, 50 बैड की इमारत भी तैयार
सतीश शर्मा ने सोमवार को गंग्याल में अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल को पूर्व मंत्री रमन भल्ला के प्रयासों से तत्कलीन यूपीए सरकार के स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने वर्ष 2014 में 100 बेड का बनवाने का काम शुरू किया था। बाद में भाजपा-पीडीपी सरकार ने इसकी क्षमता घटा कर 50 बेड की कर दी। अब इस अस्पताल की इमारत बनकर तैयार है। अभी स्वास्थ्य सेवाओं पर काफी दबाव है। अगर इस अस्पताल को सामान्य अस्पताल बना कर शुरू किया जाए तो सभी को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल की नई इमारत की क्षमता 50 बेड की है। वो बन कर बिल्कुल तैयार है। सरकार को सिर्फ सभी तरह के विशेषज्ञ डाक्टर इसमें तैनात करने हैं। अल्ट्रासाउंड, एक्सरे, ईसीजी ओर लैब की सुविधा पहले से ही इस अस्पताल में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल के खुलने से जीएमसी बख्शी नगर का बोझ कम हो जाएगा क्योंकि गांधीनगर अस्पतल को कोविड अस्पताल बनाए जाने के बाद सारा बोझ जीएमसी पर है। सतीश ने उप राज्यपाल जीसी मुर्मू से इस मामले में खुद हस्तक्षेप करने की मांग की। इस मौके पर युवा कांग्रेस नेता सुमनप्रीत सिंह भी मौजूद थे।