कश्मीर में गुलमर्ग समेत कई चोटियों पर फिर बर्फबारी
जेएनएन श्रीनगर/जम्मू केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को मौसम ने फिर करवट ली। र
जेएनएन, श्रीनगर/जम्मू: केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को मौसम ने फिर करवट ली। राज्य के सभी हिस्सों में बारिश हुई है। ऊंची पर्वतीय चोटियों पर बर्फ भी गिरी है। राज्य में पिछले तीन दिन से मौसम का मिजाज बदल रहा था। बारिश और बर्फबारी के चलते कश्मीर घाटी का तापमान तेजी से नीचे गिरा है। इससे वादी एक बार फिर ठंड की चपेट में आ गई है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार को भी बारिश और बर्फबारी के आसार जताए हैं।
राज्य में गत मंगलवार से ही पश्चिमी विक्षोभ का दबाव बन रहा था। शुक्रवार को तड़के से ही बारिश और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो गया। गुलमर्ग, सोनमर्ग, यूसमर्ग, साधना टाप समेत कई ऊंची पर्वतीय चोटियों पर बर्फबारी हुई है। देर शाम तक तक बारिश और बर्फबारी का सिलसिला रुक-रुककर जारी था। श्रीनगर शहर समेत सभी निचले इलाकों में पूरे दिन बारिश हुई। शुक्रवार को श्रीनगर का तापमान सामान्य से आठ डिग्री नीचे चला गया। यहां अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू संभाग में भी बारिश हुई है। जम्मू शहर में सुबह से ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया था। शुक्रवार को जम्मू में अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में शाम साढ़े पांच बजे तक 5.6 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड हुई थी। जम्मू संभाग में सबसे अधिक 18.8 मिलीमीटर बारिश बटोत में हुई है।