आज भी बारिश और ओले गिरने के आसार
राज्य में शुक्रवार को भी मौसम के मिजाज तीखे ही रहे। कश्मीर घाटी में श्रीनगर समेत अधिकतर हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई।
जागरण संवाददाता, जम्मू : राज्य में शुक्रवार को भी मौसम के मिजाज तीखे ही रहे। कश्मीर घाटी में श्रीनगर समेत अधिकतर हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हुई। जवाहर टनल के अलावा पीरपंजाल की पहाड़ियों और गुलमर्ग व टंगमर्ग में बर्फबारी हुई। जम्मू संभाग में दोपहर बाद कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई है। श्री माता वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत पर घने बादलों का जमघट लगा रहा। आधार शिविर कटड़ा से चलने वाली हेलीकॉप्टर सेवा, भवन मार्ग पर बैटरी कार सेवा, वैष्णो देवी भवन व भैरो घाटी के बीच पैसेंजर केवल कार सेवा सुचारु हैं। राजौरी में भी दिनभर रुक-रुक कर बारिश के साथ ओले भी गिरे। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग शुक्रवार तीसरे दिन भी बंद रहा।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के चलते अगले 24 घंटों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। वहीं, हाईवे बंद होने से सैकड़ों वाहन फंसकर रह गए हैं। इन वाहनों में कश्मीर जाने वाले आवश्यक वस्तुओं से लदे ट्रक भी शामिल हैं। एसएसपी हाईवे जितेंद्र सिंह जौहर का कहना है कि ऊधमपुर जिले के खैरी के अलावा रामबन के निकट हिगनी, डिग्डोल, पंतिहाल, मंकी मोड़ और मोमपस्सी इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात अवरुद्ध है। हाईवे पर गिरे मलबे को हटाया जा रहा है, लेकिन मौसम आड़े आ रहा है। 11 मार्च से जम्मू कश्मीर में हो रही बारिश से हाईवे बंद है। रविवार को मौसम साफ होने के बाद ही हाईवे सुचारु हो पाएगा।
जम्मू में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में शुक्रवार का अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
---------------