Jammu-Srinagar Highway: रविवार तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला, भूस्खलन के बाद जम्मू-श्रीनगर हाइवे बंद
यातायात विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रात से जारी बारिश के बाद आज सुबह जम्मू-श्रीनगर हाइवे पर जिला रामबन में त्रिशूल मोड़ बैटरी चश्मा पंथियाल इलाके में कई जगह भूस्खलन हुआ है।
जागरण संवाददाता, जम्मू : पिछले 48 घंटों से रूक-रूककर हो रही बारिश की वजह से जम्मू-कश्मीर में मौसम के मिजाज में हल्का बदलाव आया है। मंगलवार के मुकाबले तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज की गई। हालांकि जम्मू में हवा में 80 से 96 प्रतिशत नमी रही। धूप निकलने पर इस आर्द्रता ने पसीने तो छुड़ाए लेकिन तापमान में आई हल्की गिरावट के चलते धूप कम होने पर मौसम राहत भरा रहा।
वहीं बारिश के बाद जिला रामबन में कई जगहों पर भूस्खलन होने के बाद जम्मू-श्रीनगर हाइवे को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। हाइवे पर 200 से अधिक वाहन फंसे हुए हैं। देश को कश्मीर से जोड़ने वाला 270 किलोमीटर लंबा यह राजमार्ग ही एकमात्र साधन है। यातायात विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रात से जारी बारिश के बाद आज सुबह त्रिशूल मोड़, बैटरी चश्मा, पंथियाल इलाके में कई जगह भूस्खलन हुआ है। हाइवे पर कई जगह वाहन फंसे हुए हैं। मलवे को हटाने का काम जारी है। मजदूर व मशीनें काम पर लगी हुई हैं। विभाग का कहना है कि रास्ता पूरी तरह साफ होने व मौसम के अनुसार ही राजमार्ग को खोला जाएगा। आपको जानकारी हो कि पिछले सप्ताह भी बारिश के बाद हुए भूस्खलन की वजह से दो दिनों तक जम्मू-श्रीनगर हाइवे बंद रहा था।
श्रीनगर में आज सुबह से कई इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। कल से रूक-रूककर जारी इस बारिश की वजह से लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने जाने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूरे प्रदेश में जारी हल्की बारिश के बाद दरिया चिनाब, तवी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है।
श्रीनगर से जारी पूर्वानुमान अनुसार रविवार तक रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। कुछ स्थानों पर आज दिनभर अच्छी बारिश होगी। कई इलाकों में धूल भरी हवा भी परेशान करेगी। बारिश के आसार देखते हुए लोगों को नदियों, नालों, दरिया से दूर रहने के लिए कहा गया है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। श्रीनगर में 0.9 एमएम, काजीगुंड में 11.0 एमएम, पहलगाम में 5.3 एमएम, कुपवाड़ा में 1.9 एमएम, गुलमर्ग में 3.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। जम्मू में 10.2, बटोत में 6.2, कटड़ा में 6.9, भद्रवाह मे 0.6, मीरपुर में 38.2 एमएम बारिश दर्ज की गई।जम्मू का अधिकतम तापमान 32.4, न्यूनतम 24.2, बनिहाल का अधिकतम तामपान 31.8, न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बटोत का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस, न्यूनतम तापमान 21.0, कटड़ा 30.2, न्यूनतम 22.5, भद्रवाह 32.5, न्यूनतम 20.9 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 30.7, न्यूनतम 18.4, कारगिल का अधिकतम तापमान 30.6, न्यूनतम 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
वहीं श्रीनगर का अधिकतम तापमान 31.2, न्यूनतम तापमान 18.7, पहलगाम का अधिकतम तापमान 26.8, न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गुलमर्ग का अधिकतम तापमान 23.4, न्यूनतम 13.0 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस गिरावट आई। बारिश के बावजूद अभी उमस परेशान कर रही है। पसीना बेहाल कर रहा है लेकिन न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। इससे मौसम में राहत महसूस की जा रही है। मौसम विशेषज्ञ डा. महेंद्र सिंह अनुसार अभी इस महीने हवा में नमी अधिक रहेगी।