रेलवे में नौकरी के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र, टेंडर का भी झांसा; जम्मू में करोड़ों की ठगी करने वाला गिरफ्तार
रेलवे में नौकरी और टेंडर दिलाने के नाम पर जम्मू में चार करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का मामला ...और पढ़ें

जम्मू में रेलवे नौकरी और टेंडर दिलाने के नाम पर करोड़ों की ठगी। (फाइल फोटो)
HighLights
रेलवे नौकरी, टेंडर दिलाने के नाम पर ठगी।
जम्मू में चार करोड़ से अधिक का घोटाला।
एक आरोपित सौहेल क्यूम पुलिस हिरासत में।
जागरण संवाददाता, जम्मू। रेलवे में नौकरी दिलाने और रेलवे के टेंडर दिलाने का झांसा देकर चार करोड़ रुपये से अधिक की ठगी करने का मामला सामने आया है। मामले में छन्नी हिम्मत पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपित सौहेल क्यूम निवासी अनंतनाग, कश्मीर इन दिनों छन्नी हिम्मत में रह रहा है को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपितों के फरार होने की जानकारी सामने आई है। छन्नी हिम्मत पुलिस के अनुसार मामला कुछ दिन पूर्व दर्ज किया गया था, जबकि अब आरोपित की गिरफ्तारी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपितों ने कुछ लोगों को रेलवे में नौकरी दिलाने और रेलवे के टेंडर आवंटित करवाने का भरोसा दिया था। इसके लिए उनसे बड़ी रकम ली गई।
शिकायत में फर्जी नियुक्ति पत्र देने का आरोप भी लगाया गया है। मामले में शिकायतकर्ता गुरप्रीत के पठानकोट, पंजाब निवासी होने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि शिकायतकर्ता ने छन्नी हिम्मत क्षेत्र में संबंधित रकम दी थी। जिसके बाद छन्नी हिम्मत पुलिस स्टेशन थाने में मामला दर्ज किया गया है।
धोखाधड़ी-जालसाजी मामले में पुलिस की कार्रवाई
मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई किए जाने की जानकारी है। पुलिस ने जांच के दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश की जा रही है। पुलिस की ओर से फरार आरोपितों को पकड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
जांच के दौरान ठगी की कुल रकम, आरोपितों की भूमिका और दस्तावेजों से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जाना बाकी है। सूत्रों के अनुसार पुलिस के पास आरोपितों द्वारा की गई धोखाधड़ी से जुड़े अहम सबूत मौजूद जिसके आधार पर एक आरोपित की गिरफ्तारी हो पाई है, जबकि अन्य की धरपकड़ के लिए कार्रवाई जारी है।
