जम्मू तवी स्टेशन पर ट्रेन से उतरते ही यात्री को आया हार्ट अटैक, मदद को दौड़ा रेलकर्मी; ऐसे बचाई जान
जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर एक रेलकर्मी की सूझबूझ से यात्री की जान बच गई, जिसे दिल का दौरा पड़ा ...और पढ़ें

जम्मू रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मी ने CPR देकर बचाई यात्री की जान। (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू तवी स्टेशन पर यात्री को दिल का दौरा पड़ा।
रेलकर्मी बबलू कुमार ने तुरंत सीपीआर देकर जान बचाई।
मंडल रेल प्रबंधक ने रेलकर्मी के कार्य की सराहना की।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर तैनात एक रेलकर्मी की सूझबूझ से एक यात्री की जान बच गई। ट्रेन से उतरने के बाद यात्री को दिल का दौरा पड़ा और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद रेलकर्मी ने बिना समय गंवाए उसे सीपीआर दिया और एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।
रविवार को ट्रेन संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा एक यात्री जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या छह और सात पर उतरा था। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह प्लेटफार्म पर गिर पड़ा।
इसी समय रेलवे के विद्युत विभाग में सहायक एसी के पद पर तैनात बबलू कुमार ड्यूटी पर मौजूद थे। उन्होंने यात्री को गिरा हुआ देखकर तुरंत उसकी सहायता की और सीपीआर देना शुरू किया।
समय पर मदद मिलने से यात्री की हालत में सुधार
उसकी तत्परता से यात्री की हालत में सुधार हुआ। इसके बाद उन्होंने एंबुलेंस को सूचित किया और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सहायता से यात्री को अस्पताल पहुंचाया गया।
रेल मंडल प्रबंधक ने रेलकर्मी के प्रयासों को सराहा
मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने रेलकर्मी बबलू कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सूझबूझ, प्राथमिक उपचार के ज्ञान और तुरंत निर्णय से यात्री को समय पर सहायता मिल सकी।
उन्होंने कहा कि रेलकर्मी का यह कार्य अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
