नवरात्र पर आसमान छू रहे फलों और सब्जियों के दाम, विरोध लोग उतरे सड़क पर
नवरात्र में लोगों को सस्ते दर पर फलों की जरूरत होती है। हर वर्ग के लोग व्रत रखते हैं लेकिन पूजा के दौरान फलों का भाव काफी चढ़ गया है। व्रती अन्न के बदले सब्जियों का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं तो सब्जियों का भाव भी काफी बढ़ गया है।
जम्मू, जागरण संवाददाता : नवरात्र पर फलों और सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। इससे फलहार करना मुश्किल हो गया है। इस महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को लोग सड़क पर उतर आए। डोगरा फ्रंट शिवसेना के बैनर तले लोगों ने सब्जियां हाथ में लेकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इन्होंने कहा कि नवरात्र के त्योहार में बाजार सजे हुए हैं, लेकिन खरीदारी आम आदमी नहीं कर पा रहा। क्योंकि महंगाई चरम पर पहुंची हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि नवरात्र में लोगों को सस्ते दर पर फलों की जरूरत होती है। हर वर्ग के लोग व्रत रखते हैं, लेकिन पूजा के दौरान फलों का भाव काफी चढ़ गया है। व्रती अन्न के बदले सब्जियों का ज्यादा इस्तेमाल करते हैं तो सब्जियों का भाव भी काफी बढ़ गया है। शिव सेना डोगरा फ्रंट के प्रधान अशोक गुप्ता नेे कहा कि त्योहारों में लोगों को सस्ते में सामान मिलना चाहिए। यहां पर कोई व्यवस्था नहीं है। आलू हर आदमी की जरूरत होती है, लेकिन वह भी इन दिनों महंगा बिक रहा है। मूली और खीरा के लिए 50 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। अनियंत्रण मूल्य पर कोई जांच नहीं हो रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि नवरात्र में लोगों को सब्सिडी पर जरूरी चीजें उपलब्ध कराए, लेकिन सरकार के पास ऐसी कोई योजना नहीं है। सरकार हिंदुओं के त्योहार पर कुछ नहीं कर रही। होना तो यह चाहिए कि नवरात्र त्योहार पर जगह-जगह सरकार को काउंटर स्थापित करना चाहिए और फल सब्जियां सस्ते में लोगों तक पहुंचाई जानी चाहिए। मगर सरकार ने सारा काम व्यापारियों पर डाल दिया है कि मनमाने दाम वसूल कर मुनाफा कमाया जाए। मौके पर अभिषेक, कृष्णा, कांडू, लब्बू, अमित, भोला आदि उपस्थित थे।