जम्मू, जागरण संवाददाता : उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने देववाणी संस्कृत के विद्वान प्रो. मदन मोहन झा को वर्ष 2021 के कैलख संस्कृत रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया। यह पुरस्कार उन्होंने मंगलवार को राजभवन जम्मू में श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक ट्रस्ट की ओर से दिया। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के प्रधान महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से देववाणी संस्कृत को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2017 से देववाणी संस्कृत के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए हर वर्ष कैलख संस्कृत रत्न पुरस्कार संस्कृत के विद्वान को देना आरंभ किया था।

इस वर्ष ट्रस्ट ने यह निर्णय लिया था कि संस्कृत के प्रसिद्ध विद्वान प्रो. मदन मोहन झा को यह पुरस्कार दिया जाए, जिसे आज उपराज्यपाल द्वारा दिया गया। प्रो. झा मूलतः बिहार के निवासी हैं तथा वर्तमान में सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी, श्री रणबीर कैंपस जम्मू के निदेशक हैं। इन्होंने संस्कृत में कई पुस्तकें लिखी हैं तथा इनके कई लेख पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। मोहन झा ने देववाणी संस्कृत को प्रविधि से जोड़ अनेकों एण्ड्रायड एप्लिकेशन का निर्माण कर संस्कृत भाषा एवं भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने का महत्त्वपूर्ण कार्य करते हुए समाज के उत्थान में अपनी विशिष्ट भूमिका निभाई है।

राष्ट्र में संस्कृत भाषा को अग्रसर करने में प्रो. मदन मोहन झा का समर्पण सुप्रसिद्ध हैं। इनसे पढ़े हुए छात्र आज प्रदेश सरकार एवं केंद्र सरकार में उच्च पदों पर पदस्थ हैं। युवा पीढ़ी भी प्रोफेसर का अनुसरण कर प्रदेश एवं राष्ट्र संस्कृति संरक्षण में अपना योगदान दे। इस मौके पर ट्रस्ट के सदस्य एडवोकेट पवन खजूरिया, राकेश गंडोत्रा उपस्थित रहे।

 

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप