मचैल माता के प्रबंधों से जुड़ा निजी विधेयक नामंजूर
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सत्ताधारी भाजपा के विधायक रणबीर सिंह पठानिया के निजी विधेयक को अपनी
राज्य ब्यूरो, जम्मू : सत्ताधारी भाजपा के विधायक रणबीर सिंह पठानिया के निजी विधेयक को अपनी ही सरकार का समर्थन तो नहीं मिला, लेकिन विपक्षी नेकां के विधायक देवेंद्र सिंह राणा व पवन गुप्ता उनके समर्थन में सदन से वाकआउट जरूर कर गए।
विधानसभा में भाजपा विधायक आरएस पठानिया ने श्री चंडी माता मचैल धाम यात्रा के बेहतर प्रबंधन, प्रशासन और श्रद्धालुओं को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने संबंधी निजी विधेयक एलए प्राइवेट मेम्बर बिल नंबर आठ ऑफ 2016 को पेश करने की इजाजत मांगी। पर्यटन राज्यमंत्री प्रिया सेठी ने निजी विधेयक का विरोध किया। पठानिया ने अपने निजी विधेयक का तर्क देते हुए कहा कि श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए बोर्ड बनाया है। इस यात्रा पर हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। अगर बोर्ड बनाया गया तो बेहतर होगा। इस पर देवेंद्र सिंह राणा ने कहा कि सरकार की यह मंशा हो गई है कि हर बिल का विरोध किया जाए। पठानिया का यह विधेयक मचैल माता के प्रबंधों व सुविधाओं से जुड़ा है। अगर बोर्ड बनाया जाए तो अच्छे प्रबंध हो पाएंगे। राणा ने प्रिया सेठी से कहा कि जब यात्रा को रवाना किया जाता है तो आप भी झंडी दिखाकर रवाना करती हैं। अब मंत्री बनकर इसका विरोध करना ठीक नहीं है। पवन गुप्ता भी विधेयक के समर्थन में सामने आ गए और कहा कि यह यात्रा से जुड़ा मुद्दा है। इसलिए इसे पेश करने की इजाजत दी जाए। प्रिया सेठी ने कहा कि मचैल यात्रा एक महीने के लिए होती है। सरकार इसके लिए प्रबंध करती है। बोर्ड स्थापित नहीं किया जा सकता। पर्यटन विभाग सुविधाएं उपलब्ध करवाता है।
इस पर पठानिया ने कहा कि पर्यटन विभाग कुछ नहीं करता है। मचैल यात्रा के लिए संस्था प्रबंध करती है। देवेंद्र सिंह राणा व पवन गुप्ता ने अपनी सीट से बाहर आकर कहा कि विधेयक को पेश करने नहीं देना ठीक नहीं है। बिल पर बाद में विचार विमर्श हो सकता है। यह कहते हुए राणा व पवन गुप्ता ने सदन से वाकआउट कर दिया। इसके साथ ही सदन ने ध्वनि मत से निजी विधेयक को नामंजूर कर दिया।