घरेलू काम दिलाने का झांसा देकर किशोरी से महिला जबरन देह व्यापार करवाती थी
सहारा देने की बात कही और अपने साथ बिश्नाह ले आई। घर लाकर उसे कमरे में बंद कर दिया। रोजाना कोई न कोई नया पुरुष आकर उसका शारीरिक शोषण करता।
जम्मू, जागरण संवाददाता। घरेलू काम दिलाने का झांसा देकर किशोरी को घर लेकर आई एक महिला ने उसे जबरन देह व्यापार में धकेल दिया। आरोपित महिला ग्राहकों को बुला कर किशोरी का शारीरिक शोषण करवाती थी। एक समाजसेवी संगठन की सूचना पर बिश्नाह पुलिस ने कार्रवाई करते हुए किशोरी को आरोपित महिला के चंगुल से मुक्त करवाया।
किशोरी की मेडिकल जांच में उससे दुष्कर्म होने की बात सामने आई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, किशोरी गर्भवती भी है। पुलिस ने आरोपित महिला के परिवार के सदस्यों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बिश्नाह थाने में अनैतिक कार्य करने का मामला दर्ज किया गया है।
मुख्य आरोपित महिला की पहचान समरो देवी निवासी फतवाल, बिश्नाह के रूप में हुई है। मंगलवार शाम को एक एनजीओ के सदस्य बिश्नाह थाने में पहुंचे और जानकारी दी कि फतवाल गांव के एक घर में किशोरी को जबरन बंधक बना कर रखा गया है। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने एनजीओ सदस्यों के साथ मिलकर वहां दबिश दी। पुलिस ने घर के एक कमरे से किशोरी को बरामद कर लिया।
किशोरी ने रोते हुए आप बीती पुलिस को सुनाई। पुलिस कर्मी आरोपित महिला के परिवार के सभी सदस्यों तथा किशोरी को लेकर थाने में पहुंचे। किशोरी की मेडिकल जांच करवाने के बाद उसे एनजीओ के हवाले कर दिया गया।
घर में काम दिलाने का झांसा देकर लाया :
किशोरी ने पुलिस को बताया कि गरीबी के कारण उसके अभिभावकों ने उसकी शादी अखनूर में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ कर दी थी। शादी के कुछ दिन बाद पति ने उसे छोड़ दिया था। उसके पास गुजर-बसर करने के लिए कोई सहारा नहीं था। इसी बीच आरोपित महिला समरो देवी के वह संपर्क में आई। समरो देवी ने उसे सहारा देने की बात कही और अपने साथ बिश्नाह ले आई। घर लाकर उसे एक कमरे में बंद कर दिया। रोजाना कोई न कोई नया पुरुष आकर उसका शारीरिक शोषण करता था।
कोर्ट में दर्ज करवाए जाएंगे बयान
एसएसपी जम्मू विवेक गुप्ता ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। किशोरी की मेडिकल जांच करवा ली गई है। जल्द ही उसे कोर्ट में पेश कर उसके बयान दर्ज करवाए जाएंगे। उसके बयान के आधार पर ही पुलिस आगे की कार्रवाई को अंजाम देगी।
कई सफेदपोशों पर कसेगा शिकंजा :
देह व्यापार के इस खुलासे से कई सफेदपोशों के बेनकाब होने की उम्मीद है। पुलिस के अनुसार, पीड़िता जिसका नाम बताएगी, उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। आरोपित महिला समरो देवी से भी पूछताछ कर उन सभी लोगों के बारे में जानकारी हासिल की जाएगी, जो किशोरी का शारीरिक शोषण करने आते थे।