जम्मू में बिजली-पानी की किल्लत से हाहाकार! तालाब तिल्लो से रूपनगर तक लोग परेशान, रक्षाबंधन पर भी कटौती
जम्मू शहर अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट के दोहरे दबाव से जूझ रहा है, जिससे नागरिकों में गहरा रोष ...और पढ़ें

जम्मू के कई इलाकों में 2 हफ्ते से बिजली-पानी का संकट! (फाइल फोटो)
HighLights
जम्मू में अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट जारी।
तालाब तिल्लो जैसे इलाकों में दो हफ्ते से पानी नहीं।
रक्षाबंधन पर भी बिजली गुल, जनता में गहरा रोष।
जागरण संवाददाता, जम्मू : शहर इन दिनों अघोषित बिजली कटौती और उसके कारण पैदा हुए पेयजल संकट के दोहरे दबाव से जूझ रहा है। शहर के कई क्षेत्रों में दो हफ्तों से नलों में पानी नहीं आने के कारण स्थानीय नागरिकों में प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष पनप रहा है। इस विकट स्थिति के केंद्र में तालाब तिल्लो, मुट्ठी और रूपनगर जैसे घनी आबादी वाले इलाके हैं, जहां दो हफ्ते से जलापूर्ति चरमराई हुई है। हालात इतने बदतर हैं कि लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए महंगे दामों पर पानी के निजी टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
स्थिति की गंभीरता तब और अधिक बढ़ गई जब भाई-बहन के पवित्र प्रेम के प्रतीक पर्व रक्षाबंधन के पावन अवसर पर भी बिजली विभाग की लचर व्यवस्था में कोई सुधार नहीं देखा गया। त्यौहार के दिन भी थोड़ी-थोड़ी देर पर बिजली गुल होने का सिलसिला जारी रहा। घरों में मोटर न चल पाने के कारण महिलाओं और परिवारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय नागरिकों और विभिन्न संगठनों ने बिजली और जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। लोगों का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। जनता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द व्यवस्था को नहीं सुधारा गया तो वे सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
पानी की भारी किल्लत और जनता की विवशता
तालाब तिल्लो, मुट्ठी, जानीपुर और रूपनगर के कुछ मुहल्लों के निवासियों को पिछले पंद्रह दिनों से पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। नियमित जलापूर्ति ठप होने के कारण लोग महंगे दामों पर निजी टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं, जिससे उनका घरेलू बजट भी बिगड़ गया है और पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
त्योहार पर भी जारी रही बिजली की आंख-मिचौली
रक्षाबंधन जैसे पवित्र पावन पर्व पर भी बिजली विभाग की लापरवाही ने लोगों की खुशियों को फीका कर दिया। त्यौहार के दिन भी थोड़ी-थोड़ी देर पर बिजली जाने से घरों में सन्नाटा पसरा रहा और पानी के अभाव में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पुराने शहर, सिद्धड़ा, सुंजवां, छन्नी, त्रिकुटा नगर, गंग्याल, डिग्याना, चौआदी, कुंजवानी, कुल्लियां, चट्ठा, सतवारी, तालाब तिल्लो, पौनी चक, तालाब तिल्लो, बोहड़ी में भी बीच-बीच में अघोषित कटौती जारी रही।
