जम्मू में पुलिस हिरासत में उत्तम चंद की मौत पर एक्शन! चौकी प्रभारी-कांस्टेबल सस्पेंड, मुआवजे की मांग पर धरना जारी
जम्मू में पुलिस हिरासत में 28 साल के उत्तम चंद की मौत के मामले में चक्रोई चौकी प्रभारी और एक ...और पढ़ें

विधायक और पुलिस अधिकारी परिवार से बातचीत कर मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे।
HighLights
उत्तम चंद की पुलिस हिरासत में मौत पर कार्रवाई हुई।
चक्रोई चौकी प्रभारी और कांस्टेबल को निलंबित किया गया।
मृतक के परिजन मुआवजे और न्याय की मांग पर अड़े।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू में पुलिस हिरासत में 28 साल केउत्तम चंद की मौत के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। चक्रोई चौकी प्रभारी और कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, मौत के दूसरे दिन भी उत्तम चंद के परिजन धरने पर बैठे हैं और अपनी मांगों को लेकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर स्थानीय विधायक प्रो. घारू राम भगत और पुलिस अधिकारी परिवार से बातचीत कर उन्हें समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं।
मंगलवार रात उत्तम चंद की मौत के बाद बुधवार सुबह भी परिवार ने तीन मांगों को लेकर धरना दिया था। परिवार की मांग थी कि उन्हें 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए, मृतक के भाई को एसपीओ की नौकरी दी जाए और चौकी प्रभारी समेत पूरे स्टाफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए। हालांकि चक्रोई चौकी प्रभारी विक्रम चौधरी और कांस्टेबल रिंकू को सस्पेंड कर दिया गया है।
वीरवार सुबह भी उत्तम चंद के परिजन अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। परिवार का कहना है कि मुआवजे की रकम मौके पर ही दी जाए और बाकी मांगों पर भी जल्द कार्रवाई की जाए।
क्या है मामला?
मामला बीते मंगलवार का है। आरोप है कि आरती देवी दूध लेने जा रही थी, तभी गांव के नरेश कुमार ने उसे मोटरसाइकिल पर बैठाया और रास्ते में छेड़छाड़ की। आरती ने विरोध करते हुए बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसे चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार पुलिस चौकी पहुंचा। इसी मामले को लेकर शाम को आरती के जेठ उत्तम चंद और नरेश कुमार के बीच झगड़ा हो गया, जिसमें दोनों पक्षों को चोटें आईं।
इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को चौकी लेकर आई और मामले में कार्रवाई शुरू की। पुलिस के मुताबिक, चौकी में बैठे उत्तम चंद की अचानक तबीयत बिगड़ी और वह बेसुध हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में जम्मू मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस बोली- उत्तम चंद के साथ मारपीट नहीं हुई
पुलिस का कहना है कि चौकी में उत्तम चंद के साथ कोई मारपीट नहीं हुई और उसे पहले हुए झगड़े में चोटें लगी थीं। वहीं, परिवार ने इस दावे को खारिज करते हुए चौकी में मारपीट का आरोप लगाया और निष्पक्ष जांच के साथ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
