Jammu : सील फैक्ट्री में चोरी छुपे बनाए जा रहा पॉलिथीन, फैक्ट्री मालिक गिरफ्तार
शहर के बाहरी क्षेत्र मुट्ठी में चोरी छुपे पॉलिथीन बनाने की एक फैक्ट्री में पुलिस ने छापा मारकर वहां से भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद किया। फैक्ट्री को कुछ समय पूर्व पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड ने सील किया था।चोरी छुपे अवैध तरीके से पॉलिथीन बनाने का काम शुरू कर दिया था।
जम्मू, जागरण संवाददाता । शहर के बाहरी क्षेत्र मुट्ठी में चोरी छुपे पॉलिथीन बनाने की एक फैक्ट्री में पुलिस ने छापा मारकर वहां से भारी मात्रा में पॉलिथीन बरामद किया। फैक्ट्री को कुछ समय पूर्व पॉल्युशन कंट्रोल बोर्ड ने सील किया था। बावजूद इसके मालिक ने सील फैक्ट्री में चोरी छुपे अवैध तरीके से पॉलिथीन बनाने का काम शुरू कर दिया था।
फैक्ट्री से 83 किलो पॉलिथीन जब्त, मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस ने मारा छापा
छापेमारी के दौरान पुलिस ने फैक्ट्री में से पॉलिथीन रोल और बने हुए एड 83 किलो पॉलिथीन को बरामद किया। दोमाना पुलिस ने इस कार्रवाई को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में अंजाम दिया। सब डिविजन पुलिस ऑफिसर कोशिन कॉल को पुख्ता सूचना मिली की मुट्ठी के चंदन विहार में सील फैक्ट्री में चोरी छुपे उसका मालिक अशोक मल्ला पॉलिथीन निर्माण कर रहा है। पुलिस ने फैक्ट्री में चल रही गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया। बीते शनिवार रात को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली की फैक्ट्री मालिक अशोक मल्ला पॉलिथीन निर्माण के लिए मशीनें चला रहा है।
फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया
पुलिस ने तुरंत मजिस्ट्रेट को सूचित किया। वहां पर पुलिसकर्मियों ने पाया कि काम चल रहा था। फैक्ट्री मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पूछताछ के लिए पुलिस स्टेशन में लाया गया। फैक्ट्री मालिक के विरुद्ध दोमाना पुलिस थाने में अपराधिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।