एयरपोर्ट टर्मिनल और निम्मू-पदुम-दारचा सड़क... PM आज लद्दाख में 3350 करोड़ की 5 परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लद्दाख में 3350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे। इनमें लेह हवाई अड्डा ...और पढ़ें
-1792012009386_m.webp)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। फाइल फोटो
HighLights
लेह हवाई अड्डे का नया यात्री टर्मिनल उद्घाटित।
निम्मू-पदुम-दारचा सड़क से सामरिक संपर्क मजबूत।
जलविद्युत, शैलचित्र पार्क, जल निकाय भी शामिल।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों वाले लद्दाख में सामरिक संपर्क, बिजली आपूर्ति और जल संरक्षण को मजबूत करने के साथ प्राचीन विरासत सहेजने की दिशा में गुरुवार को महत्वपूर्ण पहल होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करीब 3,350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण करेंगे।
इनमें लेह हवाई अड्डे का नया यात्री टर्मिनल, 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क, जलविद्युत परियोजना, विद्युत पारेषण लाइन, देश का पहला शैलचित्र संरक्षण पार्क और 40 गांवों में विकसित जल निकाय शामिल हैं।
640 करोड़ का आधुनिक यात्री टर्मिनल
प्रधानमंत्री लेह के कुशोक बकुला रिम्पोचे हवाई अड्डे पर 640 करोड़ रुपये की लागत से बने नए यात्री टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। 23,800 वर्ग मीटर में फैले इस टर्मिनल की सालाना यात्री क्षमता 35 लाख है। आधुनिक सुविधाओं के साथ इसमें लद्दाख की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी मिलेगी।
पर्यावरण अनुकूल बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए भूतापीय ऊर्जा का उपयोग किया गया है। इससे यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की हवाई संपर्क व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
वैकल्पिक मार्ग से सेना की आवाजाही होगी आसान
सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा निर्मित 298 किलोमीटर लंबी निम्मू-पदुम-दारचा सड़क लेह के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जांस्कर घाटी के रास्ते जोड़ती है। यह मार्ग लद्दाख को वैकल्पिक संपर्क उपलब्ध कराने के साथ श्रीनगर-लेह और मनाली-लेह राजमार्गों का पूरक बनेगा।
शिनकुन ला दर्रे से गुजरने वाली इस सड़क का सामरिक महत्व भी है। इससे सशस्त्र बलों की आवाजाही और रसद आपूर्ति सुगम होगी। स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।
बिजली आपूर्ति को मिलेगा बल
ऊर्जा अवसंरचना मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नौ मेगावाट क्षमता वाली हनु लघु जलविद्युत परियोजना और 66 किलोवोल्ट की डबल-सर्किट दाह-हनु-खालत्सी पारेषण लाइन का उद्घाटन करेंगे। इनसे स्थानीय जलविद्युत संसाधनों के उपयोग तथा विद्युत नेटवर्क की विश्वसनीयता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
प्राचीन शैलचित्रों का होगा संरक्षण
लेह के सिंधु घाट क्षेत्र में देश के पहले शैलचित्र संरक्षण पार्क का उद्घाटन भी होगा। लद्दाख में सैकड़ों प्रागैतिहासिक शैलचित्र स्थल हैं, जहां चट्टानों पर उकेरी गई मानव आकृतियां, वन्यजीव और प्रतीक हजारों वर्षों के इतिहास के साक्ष्य प्रस्तुत करते हैं। पार्क का उद्देश्य इन धरोहरों को संरक्षित करने के साथ जन-जागरूकता और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना है।
40 गांवों में जल निकायों का उद्घाटन
हिम सरोवर परियोजना के तहत 40 गांवों में विकसित 40 जल निकाय भी शुरू किए जाएंगे। मिशन अमृत सरोवर के उद्देश्यों के अनुरूप यह पहल लद्दाख में मौसमी जल संकट से निपटने पर केंद्रित है।
बर्फ पिघलने के समय उपलब्ध पानी को संचित कर बुवाई के दौरान उपयोग करने से सिंचाई, कृषि आधारित आजीविका और दीर्घकालिक जल सुरक्षा को मजबूती मिलने की उम्मीद है
