पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपाइयों ने लिया सेवाभाव से काम करने का प्रण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए प्रदेश भाजपा ने वीरवार को समर्पण भाव से लोगों की बेहतरी के लिए काम करने का प्रण लिया। भाजपा ने जम्मू में वर्चुअल रैली आयोजित की तो श्रीनगर के लालदेद अस्पताल में भर्ती मरीजों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फल बांटे।
राज्य ब्यूरो, जम्मू : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए प्रदेश भाजपा ने वीरवार को समर्पण भाव से लोगों की बेहतरी के लिए काम करने का प्रण लिया।
भाजपा ने जम्मू में वर्चुअल रैली आयोजित की तो श्रीनगर के लालदेद अस्पताल में भर्ती मरीजों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फल बांटे। इसके साथ जम्मू संभाग के दस जिलों में मंडल अध्यक्षों की देखरेख में वार्ड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया।
जम्मू में प्रदेश भाजपा ने वीरवार दोपहर को पार्टी मुख्यालय में वर्चुअल रैली का आयोजन कर कार्यकर्ताओं से समाज की बेहतरी के लिए कार्य करते हुए लोगों को मोदी सरकार की कल्यणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कहा।
वर्चुअल रैली को संबोधित करने वालों में स्वामी दिनेश भारती, पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह व कवीन्द्र गुप्ता शामिल थे। उन्होंने रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन कल्याण की नीतियों का हवाला देते हुए निस्वार्थ भाव से समाज की बेहतरी के लिए काम करने पर जोर दिया।
इस दौरान राम मंदिर निमार्ण, पीएम के 370 हटाने, ट्रिपल तलाक खत्म करने जैसे ऐतिहासिक फैसलों पर भी चर्चा हुई। रैली में एमएलसी विक्रम रंधावा, अरविंद्र गुप्ता, ठाकुर नारायण सिंह व तिलक गुप्ता भी शामिल थे।
वहीं श्रीनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रीनगर के लालदेद अस्पताल में मरीजों में फल बांटे। इसके साथ श्रीनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सेवा दिवस पर नरेंद्र मोदी के पद्चिन्हों पर चलते हुए समाज की बेहतरी के लिए काम करने का प्रण लिया। इस मौके पर भाजपा नेता अशोक भट, अल्ताफ ठाकुर, आसिफ मसूदी, वजाहत हुसैन, डा रफी, वजाहत हुसैन, शैलेन्द्र सिंह, हरविन्द्र सिंह व सुमीरा खान भी मौजूद थे।
वहीं दूसरी ओर जम्मू पश्चिम में हुए कार्यक्रमों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समाज के प्रति त्याग की भावना से काम करने का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा देते हैं। वार्ड स्तर पर कार्यक्रमों में वृद्ध आश्रम में फल बांटने, बाल आश्रम में शिक्षण सामग्री बांटने के साथ कृष्णानगर व तालाब तिल्लो में स्वच्छता अभियानों का आयोजन किया गया।
जम्मू पश्चिम में हुए भाजपा के कार्यक्रम में सत शर्मा के साथ जिला प्रधान मुनीश खजूरिया, सह प्रभारी शौलेजा गुप्ता, केशव चोपड़ा, एडवोकेट कर्ण शर्मा, अयोध्या गुप्ता, जीत अंगराल, सुनीत रैना, उर्वशी गुप्ता मुख्य थे।