सड़क की खस्ता हालत पर बिफरे लोग
मीरां साहिब के गांव पृथ्वीपुर के ग्रामीणों ने कोटली मियां फतेह जाने वाली सड़क की खस्ताहाल से परेशान होकर शनिवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव में राज्य प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, मीरां साहिब : कस्बे के गांव पृथ्वीपुर के ग्रामीणों ने कोटली मियां फतेह जाने वाली सड़क की खस्ताहाल से परेशान होकर शनिवार को प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर गांव में राज्य प्रशासन और विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों में शामिल जगदीश कुमार, कुलबीर सिंह, दीपक कुमार, प्रीतम सिंह, बलदेव सिंह, राज कुमार, अशोक कुमार ने कहा कि पृथ्वीपुर से कोटली मियां फतेह जाने वाली दो किलोमीटर सड़क की हालत कई वर्षो से खस्ता बनी हुई है। हालत सुधारने के लिए राज्य प्रशासन कोई भी कदम नहीं उठा रहा। इस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह तारकोल उखड़ गई है। बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं, मगर प्रशासन की आंखें नहीं खुल रही हैं। प्रशासन ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की हालत ठीक करने के दावे कर रहा है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। सड़क की खस्ता हालत के बारे में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत करवाया जा चुके हैं, मगर कोई कदम नहीं उठाया गया है, जिस कारण परेशानी दिन प्रतिदिन बढ़ रही है। लोगों ने कहा कि अगर प्रशासन ने जल्द सड़क पर तारकोल बिछाकर पक्का नहीं किया तो मजबूर होकर लोगों को आंदोलन शुरू करने पड़ेगा। उन्होंने बिश्नाह-मीरां साहिब मुख्य मार्ग को बंद करने की भी चेतावनी दी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप