पीडीपी, भाजपा को सबक सिखाने के लिए पंचायती चुनाव सुनहरी मौका
राज्य ब्यूरो, जम्मू : ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पंचायतों की अहम भूमिका है। कार्यकर्ता पं
राज्य ब्यूरो, जम्मू : ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए पंचायतों की अहम भूमिका है। कार्यकर्ता पंचायती व स्थानीय निकाय चुनाव के लिए अभी से तैयार हो जाएं।
यह बात पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शाम लाल शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि पीडीपी व भाजपा को सबक सिखाने के लिए पंचायत व स्थानीय निकाय चुनाव एक सुनहरी मौका है। अखनूर में ब्लॉक कांग्रेस डेलीगेट व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शर्मा ने कहा कि जमीनी सतह पर लोगों को अधिकार देने के लिए पंचायती चुनाव जरूरी हैं। हमें चाहिए कि निष्ठावान उम्मीदवारों को चुनें ताकि ग्रामीण क्षेत्र में भी विकास हो सके।
भाजपा व पीडीपी पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व गठबंधन सरकार ने पंचायती राज अधिनियम में संशोधन कर लोकतंत्र की हत्या की थी। यह प्रावधान किया गया था कि सिर्फ पंचों के लिए चुनाव होगा, सरपंच नामांकित होंगे। कांग्रेस ने उस समय आवाज उठाई। सरकार गिरने के बाद राज्यपाल ने फिर से संशोधन किया है। पूर्व नेकां-कांग्रेस सरकार के प्रयासों से ही पारदर्शिता को बढ़ावा मिला था लेकिन पीडीपी व भाजपा लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरीं। पहले गठबंधन कर सरकार बनाई और चालीस महीने के बाद एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप शुरू हो गए। लोग अब इनके बहकावे में आने वाले नहीं है। पूर्व गठबंधन सरकार की नीतियां किसान व गरीब विरोधी रही हैं। पारदर्शिता के दावे खोखले साबित हुए।