जम्मू में फ्लाईओवर निर्माण का रास्ता साफ, नई बस्ती में 19 दुकानों पर चला बुलडोजर
जम्मू में नई बस्ती-सतवारी फ्लाईओवर निर्माण के लिए 24 घंटे के भीतर 39 दुकानें ध्वस्त कर दी गईं, जिससे परियोजना का रास्ता साफ हो गया है।

जम्मू में नई बस्ती में 19 दुकानों पर चला बुलडोजर।
HighLights
नई बस्ती में 19 दुकानें ध्वस्त, फ्लाईओवर निर्माण को गति।
सतवारी चौक पर पहले ही 20 दुकानें हटाई गईं।
दुकानदारों को गोल गुजराल में पुनर्वास का आश्वासन मिला।
जागरण संवाददाता, जम्मू। नई बस्ती-सतवारी में फ्लाईओवर निर्माण कार्य को गति दे रहे प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर ही निर्माण की जद में आ रही दुकानों पर बुलडोजर चलाकर निर्माण को अंतिम रूप देने का रास्ता साफ कर दिया है।
वीरवार तड़के प्रशासन ने सतवारी चौक के निकट 20 दुकानों पर बुलडोजर चला दिया था और 24 घंटे के भीतर नई बस्ती में शेष बची 19 दुकानों पर भी बुलडोजर चलाकर सभी निर्माण जमींदोज कर दिए।
निर्माण कार्य के दायरे में आ रही नई बस्ती व सतवारी की 39 दुकानों के बिजली कनेक्शन बुधवार को ही काट दिए गए थे। मौके पर पहुंची प्रशासनिक टीम ने दुकानदारों को बिना किसी देरी के दुकानें खाली करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे, ताकि तोड़-फोड़ की प्रक्रिया पूरी कर परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
बुधवार को ही साफ हो गया था कि प्रशासन अब किसी तरह का समय बर्बाद नहीं करना चाहता। हालांकि, दुकानदारों पहले उनका पुनर्वास करने व उसके बाद दुकानें तोड़ने की मांग कर रहे थे लेकिन प्रशासन ने किसी की नहीं सुनी और दो दिन में सभी दुकानों को तोड़ दिया।
इन दुकानदारों के पुनर्वास के लिए सरकार ने भगवती नगर से आगे गोल गुजराल में जमीन अलॉट की है और अगले चार से छह महीनों में सरकार ने इन लोगों को वहां दुकानें बनाकर देने का आश्वासन दिया है।
नेता पहुंचे सहानुभूति जताने
नई बस्ती शुक्रवार को जम्मू की राजनीति का केंद्र बिंदु रहा जहां हर सियासी नेता प्रभावित दुकानदारों के पास अपनी सहानुभूति जताने पहुंचा। कोई यहां अपनी धूमिल होती साख बचाने पहुंचा, तो कोई मौके का फायदा उठाकर विरोधियों पर तज कसते नजर आया। सत्ताधारी नेशनल कॉन्फ्रेंस व कांग्रेस के नेताओं ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने दुकानदारों के साथ धोखा किया और उन्हें नई दुकानों की चाबियां देने से पहले ही उनकी रोजी-रोटी छीन ली।
कांग्रेस के विधायक रमण भल्ला मौके पर पहुंचे और उन्होंने नई बस्ती और सतवारी में हुई तबाही के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि भाजपा दुकानदारों से किया अपना वादा पूरा नहीं कर पाई। पीडीपी और जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी के नेताओं ने भाजपा और प्रदेश सरकार को कोसते हुए कहा कि जम्मू को बर्बाद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाजपा ने उमर सरकार को ठहराया जिम्मेदार
भाजपा विधायक विक्रम रंधावा व डाक्टर नरेंद्र सिंह ने इस पूरे घटनाक्रम के लिए उमर सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि उमर सरकार ने जानबूझ कर दुकानों के लिए जमीन अलॉट करने में विलंब किया जिस कारण आज दुकानदारों को अपनी रोजी-रोटी से हाथ धोना पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा शुरू से दुकानदारों के साथ खड़ी है और जब तक दुकानदारों को नई दुकानों की चाबियां नहीं मिल जाती, आराम से नहीं बैठेगी।
